Jodhpur Caesarean Delivery Paota Hospital: जोधपुर के पावटा जिला अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने के मामले को राजस्थान सरकार गंभीरता से ले रही है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ सोमवार देर रात जोधपुर पहुंचीं और अस्पतालों में भर्ती प्रसूताओं की स्वास्थ्य स्थिति तथा उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
एम्स अस्पताल पहुंचकर प्रसूताओं से मिली
प्रमुख शासन सचिव ने सबसे पहले एम्स पहुंचकर वहां भर्ती दोनों प्रसूताओं के स्वास्थ्य और उपचार की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकों से उपचार प्रक्रिया, मेडिकल प्रबंधन और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं पर चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए और उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहे.
24 घंटे मरीजों की निगरानी के निर्देश
इसके बाद गायत्री राठौड़ पावटा स्थित जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने भर्ती 6 प्रसूताओं से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मरीजों की मेडिकल फाइलों का अवलोकन कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति, जांच रिपोर्ट, उपचार प्रक्रिया और चिकित्सकीय प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी मरीजों की चौबीसों घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए.
प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता
प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने चिकित्सकों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज की स्थिति में बदलाव होने पर तत्काल आवश्यक चिकित्सा कदम उठाए जाएं.
‘इलाज में नहीं आने दी जाएगी किसी तरह की कमी’
निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती महिलाओं के परिजनों से भी मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. परिजनों को भरोसा दिलाया गया कि राज्य सरकार पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ निगरानी कर रही है और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आलोक रंजन, डॉ. एस.एन. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. बीएस जोधा सहित चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: 5 साल बाद एक बार फिर हॉरर मूवी में नजर आएंगे इमरान हाशमी, नई फिल्म ‘रूह’ का ऐलान



