Jennifer Garner News : नई दिल्ली। हॉलीवुड अभिनेत्री जेनिफर गार्नर ने खुद को भाग्यशाली मानती हैं उन्हें एक ‘‘खूबसूरत जिंदगी’’ मिली है। अभिनेत्री ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर कभी भी अपनी मेकअप वाली तस्वीर साझा करने की कोशिश नहीं करती बल्कि वह सामान्य दिखना पसंद करती हैं। ‘13 गोइंग ऑन 30’, ‘घोस्ट्स ऑफ गर्लफ्रेंड्स पोस्ट’ और ‘वैलेंटाइंस डे’ की अभिनेत्री ने कहा कि वह सामान्य जिंदगी बिताती हैं और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करती हैं।
बिना मेकअप रहना पसंद है जेनिफर
अभिनेत्री ने कहा, ‘‘देखिए, मैं इंस्टाग्राम पर बहुत ज्यादा पोस्ट नहीं करती। शायद हफ्ते में एक या दो बार ऐसा कर पाती हूं। लेकिन जब भी करती हूं, तो आम तौर पर मैं बिना मेकअप वाली तस्वीरें पोस्ट करती हूं। मैं बस वही पहने होती हूं जो मैंने उस समय पहना होता है। मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे इतनी खूबसूरत जिंदगी मिली है और मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानती हूं… मेरी यही कोशिश होती है कि मैं इसे एकदम ‘परफेक्ट’ न दिखाऊं, बस जैसी हूं वैसी ही दिखूं।’’

गार्नर (54) ने लॉस एंजिलिस में साक्षात्कार में कहा, देखिए मैं ‘परफेक्ट’ कुक नहीं हूं लेकिन फिर भी मुझे खाना बनाना पसंद है। इसलिए मैं अपने तरीके से दूसरी महिलाओं के इस पहलू को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही हूं। मुझे लगता है कि एक-दूसरे के साथ रहने या सामने आने के लिए हमें हमेशा मेकअप या फिल्टर के जरिए खुद को एकदम ‘परफेक्ट’ या सुंदर दिखाने की जरूरत नहीं है।
अभिनेत्री ‘द फाइव-स्टार वीकेंड’ शो में नजर आने वाली हैं। यह शो एलिन हिल्डरब्रांड के इसी नाम के उपन्यास पर आधारित है जिसमें वह एक सेलिब्रिटी ‘फूड इन्फ्लुएंसर’ का किरदार निभा रही हैं। हिल्डरब्रांड के नॉवेल ‘द परफेक्ट कपल’ पर हाल में नेटफ्लिक्स ने एक शो बनाया था। गार्नर ने कहा कि वह कुछ दिलचस्प और पेचीदा ढूंढ रही थीं, तभी उन्हें हिल्डरब्रांड का 2023 का नॉवेल मिला और वह तुरंत इसकी कहानी से जुड़ गईं। अभिनेत्री ने कहा, मुझे एलिन हिल्डरब्रांड का लिखने का अंदाज पसंद है। मुझे यह उपन्यास बहुत पसंद आया। शुरू से आखिर तक पढ़ते हुए मैं हैरान रह गई। अभिनेत्री ने कहा कि शो की तरह उन्हें भी अपने दोस्तों के साथ मजबूती का एहसास होता है।



