Jaisalmer ACB Trap: जैसमेर में ACB ने घूसखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. जहां एसीबी टीम ने नाचना उपनिवेशन विभाग के पटवारी लखबीर यादव को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने पटवारी के साथ दलाल जेटू सिंह को भी गिरफ्तार किया है. आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने और खेत की पैमाइश से जुड़ा कार्य करने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी.
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन कर की कार्रवाई
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी को एक शिकायत मिली थी, जिसमें परिवादी ने आरोप लगाया कि उसके पिता के खेत की पुनः तरमीन (सीमा निर्धारण), राजस्व रिकॉर्ड में इंद्राज और पैमाइश की मौका रिपोर्ट देने के एवज में पटवारी लखवीर यादव 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था. शिकायत के अनुसार पटवारी ने यह रकम सीधे लेने के बजाय दलाल के माध्यम से मांगी थी.
दलाल और पटवारी को दबोचा
शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई. उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरविजन और जैसलमेर एसीबी चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतचंद के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया. तय योजना के अनुसार कार्रवाई करते हुए एसीबी ने दलाल जेटूसिंह को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया. इसके बाद पटवारी लखवीर यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया.
रिश्वत की पूरी राशि बरामद
ACB के अनुसार, ट्रैप के दौरान रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है. मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.
ACB की आमजन से अपील
यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में की गई. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दें। ब्यूरो ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उनके वैध कार्यों में पूरी सहायता प्रदान की जाएगी.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर RSS का बयान, कहा- ‘घटना से करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं और आस्था को गहरा आघात पहुंचा’



