Saturday, August 29, 2026
HomeLatest Newsगंगाजल से होगा झारखंड महादेव का अभिषेक,हरिद्वार से 2 टैंकरों में आएगा...

गंगाजल से होगा झारखंड महादेव का अभिषेक,हरिद्वार से 2 टैंकरों में आएगा गंगाजल

सावन के तीसरे सोमवार यानी 17 अगस्त को जयपुर के वैशाली नगर स्थित झारखंड महादेव मंदिर में भगवान शिव का गंगाजल से महाशिवाभिषेक किया जाएगा। हरिद्वार की हर की पौड़ी से दो टैंकरों में गंगाजल जयपुर लाया जाएगा। खास बात यह है कि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु भी इसी गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का निशुल्क जलाभिषेक कर सकेंगे। हजारों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग, चिकित्सा, पेयजल और ट्रैफिक की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

जयपुर। सावन के पवित्र महीने में जयपुर के शिवभक्तों के लिए खास आयोजन होने जा रहा है। वैशाली नगर स्थित प्रसिद्ध झारखंड महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार यानी 17 अगस्त को भगवान शिव का हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से महाशिवाभिषेक किया जाएगा। खास बात यह है कि मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु भी निशुल्क गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकेंगे।

हर की पौड़ी से जयपुर आएगा गंगाजल

श्री धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित होने वाले इस महाशिवाभिषेक के लिए हरिद्वार की हर की पौड़ी से दो टैंकरों में गंगाजल जयपुर लाया जाएगा। मंदिर परिसर में इसी गंगाजल से भगवान झारखंड महादेव का अभिषेक किया जाएगा। श्रद्धालुओं को भी इसी गंगाजल से निशुल्क जलाभिषेक करने का अवसर मिलेगा।आयोजन समिति के अनुसार इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार के गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक करने का अवसर देना है।

तीन साल से लगातार हो रहा आयोजन

हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बालमुकुंदाचार्य ने बताया कि श्री गंगाजल महाशिवाभिषेक का आयोजन पिछले तीन साल से लगातार किया जा रहा है। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या और लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। इस बार भी हजारों शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना है।आयोजन में मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, संत-महात्मा और विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।

हजारों श्रद्धालुओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश, जलाभिषेक और निकासी की अलग-अलग व्यवस्था की जाएगी।इसके साथ ही चिकित्सा सुविधा, पेयजल, स्वच्छता, पार्किंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट की व्यवस्था भी की जाएगी। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए स्वयंसेवकों की टीम तैनात रहेगी। आयोजन को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

भक्त भी कर सकेंगे निशुल्क जलाभिषेक

श्री धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष गब्बर कटारा ने बताया कि सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर में आवाजाही को व्यवस्थित किया जाएगा। महाशिवाभिषेक के लिए हरिद्वार से लाए जाने वाले गंगाजल से मंदिर में आने वाला हर श्रद्धालु निशुल्क जलाभिषेक कर सकेगा।यानी सावन के तीसरे सोमवार को झारखंड महादेव मंदिर पहुंचने वाले भक्तों को न सिर्फ महाशिवाभिषेक का साक्षी बनने का मौका मिलेगा, बल्कि वे स्वयं भी पवित्र गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर सकेंगे।

ट्रस्ट के महामंत्री एम.एल. सोनी और गो-सेवक महेश दास महाराज ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना है। आयोजन समिति के मुताबिक पिछले तीन वर्षों में इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में लगातार उत्साह बढ़ा है।झारखंड महादेव मंदिर के अध्यक्ष और कार्यक्रम आयोजक जय प्रकाश सोमानी ने जयपुर और आसपास के शिवभक्तों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील की है।कार्यक्रम का आयोजन 17 अगस्त, सोमवार को झारखंड महादेव मंदिर, क्वींस रोड, वैशाली नगर, जयपुर में किया जाएगा। आयोजन को लेकर पोस्टर का विमोचन भी किया गया, जिसमें ट्रस्ट के पदाधिकारी और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image