जयपुर। जयपुर वेस्ट पुलिस ने साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी कमीशन के लालच में साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को अपने बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। इन खातों के जरिए 15 लाख रुपये से अधिक की ठगी की रकम का लेन-देन किया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान अंकित जांगिड़, निवासी श्रीराम विहार, करणी विहार, जयपुर पश्चिम के रूप में की है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ‘म्यूल हंटर’ अभियान के तहत अंजाम दिया गया।
कमीशन के लालच में साइबर गिरोहों को देता था खाते
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, साइबर सेल प्रभारी अनिल कुमार और उनकी टीम ने तकनीकी शाखा की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इन खातों का इस्तेमाल ठगी से हासिल रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और दो एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन बैंक खातों के जरिए किन-किन साइबर ठगी की वारदातों की रकम का लेन-देन हुआ और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ठगी की रकम के ट्रांजैक्शन और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



