Friday, June 26, 2026
HomeLatest Newsजयपुर में मुहर्रम पर हाई अलर्ट! 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन और...

जयपुर में मुहर्रम पर हाई अलर्ट! 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी

मुहर्रम के अवसर पर जयपुर में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में करीब 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। परकोटा क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी और भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन ने लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

जयपुर। मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों को देखते हुए जयपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने राजधानी में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहरभर में करीब 3 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं संवेदनशील इलाकों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी साइबर सेल की विशेष नजर रहेगी।

प्रशासन के अनुसार, ताजिया जुलूस के दौरान परकोटा क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। संजय सर्किल, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट, घाट गेट, गलता गेट और रामगढ़ मोड़ सहित कई प्रवेश मार्गों से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जरूरत के अनुसार ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।इसके अलावा रोड नंबर-14 वीकेआई, कालवाड़ पुलिया, सिरसी पुलिया, 200 फीट अजमेर रोड, न्यू सांगानेर मोड़, गोपालपुरा मोड़, ट्रांसपोर्ट नगर, धोबीघाट और आमेर तिराहे सहित कई प्रमुख मार्गों से भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगाई गई है।

ताजिया जुलूस आज दोपहर बाद शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी चौपड़ पहुंचेगा। यहां से जुलूस हवामहल बाजार, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, जोरावर सिंह गेट और रामगढ़ मोड़ होते हुए कर्बला जाएगा। इस दौरान चौड़ा रास्ता, जौहरी बाजार, बापू बाजार, हवामहल बाजार, एमआई रोड, त्रिपोलिया बाजार और अन्य प्रमुख बाजारों में पार्किंग भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।एडिशनल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर राजीव पचार के अनुसार, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (ERT) को भी तैनात किया गया है। इंटेलिजेंस विंग के जवान सादा वर्दी में भीड़ के बीच मौजूद रहेंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल लाइसेंसधारी ताजियों को ही जुलूस निकालने की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 17 ताजियों के लाइसेंस भी रद्द किए गए हैं। शहर के विभिन्न मोहल्लों से करीब 250 से 300 छोटे-बड़े ताजिए निकलेंगे, जिन्हें कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।जयपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें, प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि मुहर्रम का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image