Sunday, November 15, 2026
HomeCrime Newsप्रतापगढ़ में हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की 1.25 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, आलीशान...

प्रतापगढ़ में हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की 1.25 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, आलीशान मकान से लेकर कार-ट्रैक्टर तक कार्रवाई

प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की करीब 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज की है। इसमें देवल्दी स्थित आलीशान मकान, केटा कार और जॉन डियर ट्रैक्टर शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में हत्या, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

प्रतापगढ़। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रतापगढ़ जिला पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत हिस्ट्रीशीटर वसीम खान की करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है। कार्रवाई के दौरान आरोपी का आलीशान मकान, केटा कार और जॉन डियर कंपनी का ट्रैक्टर फ्रीज किया गया है। वसीम खान के खिलाफ राजस्थान और मध्यप्रदेश में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग और पुलिस उप अधीक्षक अरनोद चन्द्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना अरनोद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत संपत्तियों को फ्रीज करने का प्रस्ताव तैयार कर भारत सरकार की सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, सफेमा (एफओपी) एवं एनडीपीएस एक्ट, नई दिल्ली को भेजा था।

सक्षम प्राधिकारी ने 13 नवंबर 2026 को फ्रीजिंग आदेश को मंजूरी देकर स्थायी किया। इसके बाद 15 नवंबर को पुलिस ने संबंधित संपत्तियों पर फ्रीजिंग के बोर्ड लगाकर उन्हें फ्रीज कर दिया।

मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा है मामला

पुलिस के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को जोधपुर जिले के भोपालगढ़ थाना क्षेत्र में समंदर पुत्र किशनाराम निवासी हिंगोली के कब्जे से 80.54 ग्राम एमडी और 1.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।

अनुसंधान के दौरान सामने आया कि जब्त मादक पदार्थ वसीम खान पुत्र पुना उर्फ इस्माइल खान (45), निवासी देवल्दी, थाना अरनोद, जिला प्रतापगढ़ ने उपलब्ध करवाए थे। इसके बाद पुलिस ने वसीम खान को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। अनुसंधान के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। वह वर्तमान में केंद्रीय कारागृह जोधपुर में बंद है।

वित्तीय जांच में सामने आई 1.25 करोड़ की संपत्ति

पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि वसीम खान ने मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से अवैध संपत्ति अर्जित की है। इसके बाद उसकी चल-अचल संपत्तियों की वित्तीय जांच की गई। जांच में कम समय में अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित किया गया, जिनका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंका गया।

फ्रीज की गई संपत्तियों का विवरण इस प्रकार है:

  • आलीशान मकान: गांव देवल्दी में आबादी भूमि पर बना मकान, टीनशेड और भूमि। अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 4 लाख रुपये।
  • केटा कार: पंजीयन संख्या MP 09 CY 9495, अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये।
  • जॉन डियर ट्रैक्टर: अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये।

इस तरह पुलिस ने कुल करीब 1.25 करोड़ रुपये की संपत्ति एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत फ्रीज की है।

वर्ष 2003 से अब तक दर्ज हैं 19 आपराधिक मामले

वसीम खान थाना अरनोद का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस के अनुसार, वह लंबे समय से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2003 से 2026 तक राजस्थान और मध्यप्रदेश में कुल 19 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार रखने और ब्राउन शुगर व एमडी की तस्करी से जुड़े प्रकरण शामिल हैं।

राजस्थान में उसके खिलाफ अरनोद, प्रतापगढ़, सालमगढ़ और भोपालगढ़ (जोधपुर) थानों में मामले दर्ज हैं। वहीं मध्यप्रदेश में मंदसौर कोतवाली, बाणगंगा इंदौर, अपराध शाखा इंदौर और राऊ थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज हैं।

तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार कर रही पुलिस

प्रतापगढ़ पुलिस ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन्हें फ्रीज करने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस का उद्देश्य तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर प्रहार करना और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के उपयोग एवं हस्तांतरण पर रोक लगाना है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Jago India Jago
Jago India Jagohttp://jagoindiajago.news
Jago India Jago की एडिटोरियल टीम देश, दुनिया और राजस्थान की ताजा खबरों को सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद अंदाज़ में पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीति से लेकर धर्म, मनोरंजन, खेल, शिक्षा और तकनीक तक हर महत्वपूर्ण विषय पर तेज़ अपडेट और गहराई से विश्लेषण हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर खबर आपको जागरूक करे, जोड़े और सोचने पर मजबूर करे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image