जोधपुर। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। जोधपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान दिलावर ने सोनिया गांधी की किताब में बाबरी ढांचे के उल्लेख को लेकर सवाल उठाए। वहीं, गहलोत की बजट फाइल सीरीज पर भी निशाना साधते हुए कांग्रेस शासनकाल में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
‘बाबरी ढांचे के गिरने पर आंसू आए, कश्मीरी हिंदुओं की हत्या पर क्यों नहीं?’
मदन दिलावर ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में जिस ढांचे को बाबरी ढांचा बताया, वह विवादित था। उन्होंने सवाल उठाया कि उस ढांचे के गिरने पर सोनिया गांधी को आंसू आ गए, लेकिन वर्ष 1990 में कश्मीर में हिंदुओं की हत्याओं के दौरान उनके आंसू क्यों नहीं निकले? दिलावर ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली में हजारों सिखों की हत्या हुई, तब सोनिया गांधी की संवेदनाएं कहां थीं? उन्होंने सोनिया गांधी की भारतीयता पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें हिंदुस्तान से कोई लेना-देना नहीं है। उनके इस बयान ने राजनीतिक विवाद को और हवा दे दी है।
गहलोत पर भ्रष्टाचार के आरोप, बजट फाइल सीरीज पर भी साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर हमला बोलते हुए दिलावर ने कहा कि उन्हें एक ऐसी फाइल भी चलानी चाहिए, जिसमें कांग्रेस शासन के दौरान कहां-कहां पैसा खाया गया, इसका हिसाब हो। उन्होंने गहलोत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि चोरों के सरगना तो वे खुद थे और उनके मंत्रियों को जेल जाना पड़ा था। गहलोत की ओर से बजट फाइल सीरीज शुरू किए जाने को लेकर दिलावर ने तंज कसते हुए कहा कि अब उनके पास यही काम बचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया।
कांग्रेस पर आतंकियों के संरक्षण का आरोप
दिलावर ने कांग्रेस पर देश को नुकसान पहुंचाने और बदनाम करने की साजिश करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आतंकियों की संरक्षणकर्ता रही है। उनके इस बयान को राजस्थान में भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप के तौर पर देखा जा रहा है।



