श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर के पास रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर से दो मुख्य आरोपियों दविंदर सिंह और महकदीप कौर को गिरफ्तार किया है। दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले दोनों ने श्रीगंगानगर जिले में एक होटल में ठहरकर रेलवे ट्रैक की रेकी की थी। आरोपियों को स्थानीय स्तर पर मदद उपलब्ध करवाने वाले तीन अन्य लोगों को भी पुलिस ने राउंडअप किया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की वारदात के पीछे किसी आतंकी संगठन या मॉड्यूल का नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था। जांच एजेंसियां आरोपियों के संपर्कों, स्थानीय सहयोगियों और वारदात के लिए उपलब्ध कराए गए संसाधनों की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
यह खबर भी पढ़ें:-नए सफर की उड़ान… साथ आपका, संकल्प हमारा
होटल में ठहरे, फिर रेलवे ट्रैक की रेकी की
प्रारंभिक जांच के अनुसार, दोनों आरोपी वारदात से पहले श्रीगंगानगर जिले के एक होटल में ठहरे थे। यहां एक दिन रुकने के बाद उन्होंने रामसिंहपुर क्षेत्र की ओर जाने की योजना बनाई। इसके लिए एक कार और एक बाइक किराए पर ली गई। इसके बाद दोनों ने रामसिंहपुर और 58 जीबी के बीच रेलवे ट्रैक तथा आसपास के क्षेत्र की रेकी की।
पुलिस को संदेह है कि आरोपियों को होटल में ठहरने और वाहन उपलब्ध करवाने में स्थानीय लोगों ने मदद की थी। इसी आधार पर पुलिस ने तीन स्थानीय सहयोगियों को राउंडअप किया है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों को किसने पनाह दी और वारदात से पहले तथा बाद में उनके संपर्क किन लोगों से रहे।
150 संदिग्धों से पूछताछ के बाद मिला पंजाब नेटवर्क का सुराग
रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के बाद पुलिस ने श्रीविजयनगर और रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में करीब 150 संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान एक व्यक्ति से मिले इनपुट में पंजाब के एक महिला और पुरुष के क्षेत्र में रेकी करने आने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने बताए गए हुलिए की जानकारी एनआईए अधिकारियों के साथ साझा की। इसके बाद दोनों के पंजाब के गुरदासपुर क्षेत्र में होने का सुराग मिला। पुलिस टीम ने केंद्रीय एजेंसी के सहयोग से उनकी पहचान की और गुरदासपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दविंदर सिंह गुरदासपुर जिले के चौरा कलां गांव का निवासी है, जबकि महकदीप कौर इसी जिले के दोस्तपुर गांव की रहने वाली है।
यह खबर भी पढ़ें:-अपराध का बढ़ता ग्राफ, जवाबदेही से बचता सिस्टम
महकदीप के पास से दो हथियार और 46 कारतूस बरामद
जांच के दौरान गिरफ्तार महकदीप कौर के पास से दो हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपए बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन हथियारों और कारतूसों के स्रोत का पता लगा रही है। साथ ही बरामद नकदी के बारे में भी जांच की जा रही है कि यह राशि कहां से आई और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
जांच टीम के स्तर पर आरोपियों को नेटवर्क से मोटी रकम मिलने की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है।
आईजी ने की दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने दो मुख्य आरोपियों की गुरदासपुर से गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को होटल में ठहरने की व्यवस्था और वाहन उपलब्ध करवाने वाले तीन स्थानीय सहयोगियों को भी राउंडअप किया गया है।
आईजी के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके संपर्कों और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान पंचायत चुनाव: अंतिम चरण में 70.95% मतदान, सरवा में सबसे ज्यादा वोटिंग; मसूदा सबसे पीछे
आधी रात को प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस अचानक रद्द
रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में शनिवार रात 12 बजे पुलिस प्रशासन की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करने की सूचना दी गई थी। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर की ओर से जारी जानकारी में एडीजी एटीएस दिनेश एमएन की अगुवाई में आरोपियों की गिरफ्तारी और वारदात से जुड़े तथ्यों का खुलासा किए जाने की बात कही गई थी।
मीडिया को भी प्रेस वार्ता के लिए सूचना भेज दी गई थी, लेकिन शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही इसे अचानक स्थगित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस प्रशासन की ओर से रविवार दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की नई सूचना दी गई।
प्रेस वार्ता स्थगित होने के पीछे एनआईए, एटीएस, सीआईडी जोन और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय तथा जांच से जुड़े तथ्यों को अंतिम रूप देने की चर्चा रही। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। अब जांच का मुख्य फोकस स्थानीय सहयोगियों की भूमिका, संभावित नेटवर्क और रेलवे ट्रैक ब्लास्ट के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने पर है।



