Sunday, November 15, 2026
HomeIndiaनए सफर की उड़ान… साथ आपका, संकल्प हमारा

नए सफर की उड़ान… साथ आपका, संकल्प हमारा

'जागो इंडिया जागो' की प्रथम वर्षगांठ पर नए सफर की शुरुआत। दिवंगत पत्रकार राधेश्याम चतुर्वेदी के सपने को आगे बढ़ाते हुए एक वर्ष का सफर, पाठकों का विश्वास, पत्रकारिता की चुनौतियां और निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता के प्रति हमारा संकल्प।

समय कितनी तेजी से गुजर जाता है, इसका अहसास तब होता है जब कोई सपना हकीकत बन जाता है। ठीक एक बरस पहले आज ही के दिन ‘जागो इण्डिया जागो’ का पहला अंक प्रकाशित हुआ था। वह दिन उत्साह, उमंग और उम्मीदों से भरा था। एक नए समाचार पत्र की शुरुआत के साथ कई सपने जुड़े थे। जागो इंडिया जागो के प्रेरणा पुंज, पथ प्रदर्शक और संस्थापक दिवंगत पत्रकार राधेश्याम चतुर्वेदी की इच्छा थी कि अपना एक अखबार हो, जो समाज की आवाज बने और पत्रकारिता के माध्यम से लोगों से जुड़ सके। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए हम एक वर्ष पूरा कर रहे हैं। यह अवसर खुशी के साथ उन्हें याद करने और उनके सपने के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराने का भी है। काश, वे आज हमारे बीच होते तो अपने सपने को साकार होते देखकर बहुत खुश होते। शायद उनके चेहरे की खुशी इस उपलब्धि की सबसे बड़ी पहचान होती, लेकिन किसी के सपने को पूरा कर देना ही पर्याप्त नहीं है, उसे सही दिशा में आगे बढ़ाना भी जरूरी है। ‘जागो इण्डिया जागो‘ को आगे ले जाना अब केवल एक समाचार पत्र चलाने का काम नहीं, बल्कि उस सोच और विश्वास को जीवित रखने का संकल्प है, जिसके साथ इसकी कल्पना की गई थी।

किसी नए समाचार पत्र के लिए अपनी पहचान बनाना आसान नहीं होता। शुरुआत में पाठकों के बीच जगह बनाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। पहले से स्थापित समाचार पत्रों के बीच पाठकों को यह विश्वास दिलाना कि हम उनकी अपेक्षाओं पर खरे उतर सकते हैं, बड़ी चुनौती थी। बावजूद इसके एक स्पष्ट उद्देश्य और निरंतर प्रयासों के साथ हम आगे बढ़ते रहे। आज खुशी है कि बहुत कम समय में ‘जागो इण्डिया जागो’ ने राजस्थान में अपनी पहचान बना ली। पाठकों ने हमें अपनाया और हमारे प्रयासों को सराहा। यह हमारे लिए किसी पुरस्कार से कम नहीं है। पत्रकारिता के सामने आज कई चुनौतियां हैं।

खबरों की तेजी, सोशल मीडिया का बढ़ता प्रभाव, बाजार का दबाव, प्रतिस्पर्धा के बीच निष्पक्षता तथा विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ा मुश्किल है। कई बार सनसनी और राजनीतिक बयानबाजी के बीच आमजन के मुद्दे पीछे छूट जाते हैं। ऐसे में समाचार पत्र की भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है। अखबार केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज का आईना और व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का जरिया भी है। हमारा प्रयास है कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिले। सरकार और प्रशासन के दावों के साथ असली हकीकत भी सामने आए। आम आदमी की समस्याओं को जगह मिले और जिम्मेदार लोगों से सवाल पूछे जाएं। साथ ही समाज में हो रहे अच्छे कार्यों और सकारात्मक बदलावों को भी प्रमुखता दी जाए। हम मानते हैं कि पत्रकारिता का उद्देश्य किसी को खुश करना नहीं, बल्कि तथ्यों के साथ सत्त को सामने रखना है। एक वर्ष पूरा होने पर आत्ममंथन भी जरूरी है। हमने क्या हासिल किया, कहां बेहतर कर सकते हैं और आगे किन चुनौतियों का सामना करता है।

पाठकों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं और हमें उन पर खरा उत्तरने के लिए लगातार खुद को बेहतर बनाना होगा। तकनीक और समय के साथ कदमताल करना है, लेकिन अपने मूल उद्देश्य और पत्रकारिता के मूल्यों से भटकना नहीं है। एक वर्ष पूरा हुआ है, लेकिन यह मंजिल नहीं, बल्कि नए सफर की शुरुआत है। यह सफर आगे भी जारी रहेगा। सपने को संकल्प में बदलकर, विश्वास को अपनी ताकत बनाकर और पत्रकारिता के उद्देश्य को सर्वोपरि रखते हुए। हम अपने सभी पाठकों, विज्ञापनदाताओं, शुभचिंतकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हैं। जिन्होंने शुरुआत से हमारा साथ दिया, हमारी खबरों को पढ़ा, सुझाव दिए और हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Jago India Jago
Jago India Jagohttp://jagoindiajago.news
Jago India Jago की एडिटोरियल टीम देश, दुनिया और राजस्थान की ताजा खबरों को सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद अंदाज़ में पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीति से लेकर धर्म, मनोरंजन, खेल, शिक्षा और तकनीक तक हर महत्वपूर्ण विषय पर तेज़ अपडेट और गहराई से विश्लेषण हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर खबर आपको जागरूक करे, जोड़े और सोचने पर मजबूर करे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image