जयपुर। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार सुबह सीकर और अलवर सहित कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हुई। राजधानी जयपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे और तेज हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
इन जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, फलोदी, नागौर, सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, डीडवाना-कुचामन, जालोर और जोधपुर सहित कई क्षेत्रों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बूंदाबांदी के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कहीं-कहीं हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
16 नवंबर से साफ होगा मौसम, गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 नवंबर से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ जाएगा। इसके बाद अगले चार से पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय सर्दी का असर बढ़ेगा।
फतेहपुर में 10.8 डिग्री पहुंचा पारा
प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और सीकर में 10.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दिन के तापमान में पश्चिमी राजस्थान के कई इलाकों में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम में इस बदलाव के साथ ही प्रदेश में सर्दी की दस्तक तेज होने के आसार हैं। खासकर शेखावाटी और उत्तरी राजस्थान में आने वाले दिनों में ठंड का असर ज्यादा महसूस हो सकता है।



