गढ़चिरौली (महाराष्ट्र)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को वर्चुअली संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देशभर में आदिवासी समुदायों के विकास से जुड़ी करीब 3,000 करोड़ रुपये की 246 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में देश के करीब 50 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे आजादी के बाद भारत की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक बताया। पीएम ने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक सरकार की नहीं, बल्कि पूरे देश के सामूहिक प्रयासों और नागरिकों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इस संदर्भ में विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का भी उल्लेख किया।
आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए एक लाख करोड़ से अधिक का बजट
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने उन आदिवासी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया है, जो लंबे समय तक विकास की मुख्यधारा से दूर रहे। पीएम-जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
38 एकलव्य स्कूल और 100 मल्टी-पर्पस सेंटर का उद्घाटन
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री ने 173 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें आदिवासी विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और पीएम-जनमन योजना के तहत 100 मल्टी-पर्पस सेंटर शामिल हैं। इसके अलावा 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों और 12 जनजातीय बहुउद्देश्यीय विपणन केंद्रों की आधारशिला रखी गई। इन केंद्रों के माध्यम से आदिवासी उत्पादकों को बाजार से जोड़ने और उनकी आजीविका के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। कार्यक्रम में पीएम-जनमन और धरती आबा अभियान के तहत 42 अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।
नक्सलवाद पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने नक्सलवाद और माओवादी हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि इसका सबसे ज्यादा नुकसान आदिवासी समुदायों को उठाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आदिवासियों को मतदान के अधिकार से भी वंचित रखा गया और पिछली सरकारें मूकदर्शक बनी रहीं। पीएम ने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलने के बाद अब इन क्षेत्रों में बच्चों को शिक्षा और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कभी नक्सल प्रभावित रहे इलाकों में अब उम्मीद और विकास की नई रोशनी पहुंच रही है।
रोपुइलियानी जनजातीय संग्रहालय का भी उद्घाटन
आदिवासी संस्कृति और विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री ने मिजोरम के आइजोल में रोपुइलियानी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में जनजातीय अनुसंधान संस्थान की नई इमारत का भी लोकार्पण किया गया। रोपुइलियानी 19वीं सदी की मिजो जनजातीय नेता थीं, जिन्होंने ब्रिटिश शासन का विरोध किया था। उनके नाम पर स्थापित संग्रहालय का उद्देश्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, साहस और सांस्कृतिक विरासत को सामने लाना है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जताया आभार
कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल हुए। उन्होंने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। फडणवीस ने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास और संस्कृति बेहद समृद्ध रही है। देश की आजादी के संघर्ष में आदिवासी नायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन लंबे समय तक उनके योगदान को उचित पहचान नहीं मिली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इन जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को फिर से देश के सामने लाने का प्रयास किया गया है।
गौरतलब है कि हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2021 में केंद्र सरकार ने इस दिन को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित किया था। भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन और शोषण के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित करते हुए उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया था।



