Monday, October 5, 2026
HomeIndiaJaipur JDA Action: न्यू सांगानेर रोड पर JDA का बड़ा एक्शन, 260...

Jaipur JDA Action: न्यू सांगानेर रोड पर JDA का बड़ा एक्शन, 260 अवैध निर्माणों पर चलेगा बुलडोजर

जयपुर में न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने के लिए JDA ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गुर्जर की थड़ी से सोडाला तिराहे तक करीब 3 किलोमीटर क्षेत्र में सड़क सीमा के भीतर चिह्नित 260 निर्माणों पर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान दुकानों के बाहर बने रैंप, चबूतरे, सीढ़ियां और टिनशेड हटाए गए। मामला राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश से जुड़ा है।

जयपुर। न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को जेडीए की टीम ने गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे के बीच सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने का अभियान शुरू किया। करीब 3 किलोमीटर के इस हिस्से में लगभग 260 मकान और दुकानों के निर्माण सड़क सीमा क्षेत्र में चिह्नित किए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यातायात को डायवर्ट भी किया गया। जेडीए की टीम ने पहले चरण में गुर्जर की थड़ी चौराहे से लजीज रेस्टोरेंट तक करीब एक किलोमीटर के हिस्से में कार्रवाई की।

दुकानों के बाहर बने रैंप और चबूतरे हटाए

जेडीए की कार्रवाई के दौरान दुकानों और मकानों के बाहर बने रैंप, चबूतरे, फुटपाथ, सीढ़ियां, टिनशेड और बाउंड्रीवॉल को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान एक दुकान की टिनशेड हटाने को लेकर मौके पर मौजूद व्यापारी ने बाहर आने से इनकार कर दिया। जेडीए अधिकारियों के समझाने के बावजूद जब वह बाहर नहीं निकला तो पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया।

हालांकि, कार्रवाई शुरू होने से पहले कई व्यापारियों ने अपने स्तर पर ही निर्माण हटाने शुरू कर दिए थे। दूसरी ओर, कुछ व्यापारियों ने त्योहार के समय जेडीए की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। व्यापारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से उनका कारोबार प्रभावित हो सकता है।

100 फीट की सड़क कई जगह 40 से 60 फीट रह गई

जेडीए के मुताबिक न्यू सांगानेर रोड की निर्धारित चौड़ाई 100 फीट है, लेकिन सड़क के दोनों तरफ हुए निर्माणों के कारण कई जगह इसकी वास्तविक चौड़ाई घटकर 40 से 60 फीट तक रह गई है।

जेडीए का कहना है कि सड़क को निर्धारित चौड़ाई में लाने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के तहत की जा रही है। जेडीए को 6 अक्टूबर को कोर्ट के सामने कार्रवाई की पालना रिपोर्ट भी पेश करनी है।

मौके पर पहुंचे विधायक गोपाल शर्मा

कार्रवाई के दौरान स्थानीय विधायक गोपाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुर्जर की थड़ी के आसपास करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में सड़क पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए जेडीए कार्रवाई कर रहा है और यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार की जा रही है।

हालांकि, विधायक ने सीमांकन को लेकर सवाल भी उठाए। उनका कहना है कि कई लोगों के पास दशकों पुराने कानूनी दस्तावेज मौजूद हैं और सीमांकन में गलतियां होने की शिकायतें सरकार तक पहुंचाई गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट में सुनवाई की तारीख नजदीक आने पर ही कार्रवाई तेज होती है।

पहले ही लगाए गए थे लाल निशान

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले जेडीए ने न्यू सांगानेर रोड पर कई जगह दीवारों पर लाल निशान लगाए थे। पिछले रविवार को जेडीए की पांच टीमों ने सोडाला चौराहे से गुर्जर की थड़ी तक करीब ढाई किलोमीटर हिस्से की पैमाइश की थी।

इस दौरान सड़क के दोनों ओर करीब 260 निर्माणों को सड़क सीमा क्षेत्र में चिह्नित किया गया। मास्टर प्लान के अनुसार इस सड़क की चौड़ाई 100 फीट निर्धारित है, जबकि मौके पर कई जगह सड़क केवल 50 से 60 फीट तक ही रह गई है। अब जेडीए की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में सड़क सीमा में चिह्नित अन्य निर्माणों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image