जयपुर। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में हुए चुनाव की मतगणना जारी है। अब तक के नतीजों में बीजेपी 48 वार्डों में जीत दर्ज कर सबसे आगे चल रही है। कांग्रेस ने 33 वार्डों में जीत हासिल की है, जबकि 8 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। वहीं, मतगणना के दौरान वार्ड 25 और 47 की EVM में खराबी आने के कारण काउंटिंग रोक दी गई है। वार्ड 34 और 72 के परिणाम फिलहाल होल्ड पर रखे गए हैं।
सुनील कोठारी की जीत, मेयर की रेस में चर्चा तेज
वार्ड नंबर 112 से बीजेपी के सुनील कोठारी ने जीत दर्ज की है। कोठारी का नाम जयपुर के मेयर पद के संभावित दावेदारों में शामिल माना जा रहा है। उनकी जीत के बाद मेयर पद को लेकर सियासी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
21 साल के फाइज हसन की जीत, निगम में Gen Z की एंट्री
वार्ड नंबर 71 से कांग्रेस प्रत्याशी फाइज हसन ने जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि फाइज हसन की उम्र महज 21 साल है। उन्होंने यहां निर्दलीय प्रत्याशी को दूसरे और बीजेपी उम्मीदवार को तीसरे स्थान पर रखा। उनकी जीत के साथ जयपुर नगर निगम में युवा यानी Gen Z प्रतिनिधित्व की भी एंट्री हुई है।
5 वोट से जीत, 10,014 वोटों से रिकॉर्ड जीत
वार्ड नंबर 124 में कांग्रेस की कांता देवी ने बेहद करीबी मुकाबले में सिर्फ 5 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं वार्ड नंबर 113 में कांग्रेस के गजनफर अली ने 10,014 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की। इस वार्ड में बीजेपी उम्मीदवार फरीद्दुदीन जैकी की जमानत जब्त हो गई।
भवानी निकेतन में हो रही मतगणना
जयपुर नगर निगम चुनाव की मतगणना सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर के फार्मेसी कॉलेज में हो रही है। EVM से वोटों की गिनती से पहले बैलेट पेपर की गणना पूरी की गई थी। अब EVM के नतीजे सामने आने के साथ जयपुर के 150 वार्डों की तस्वीर लगातार साफ होती जा रही है।



