Monday, September 14, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान निकाय चुनाव 2026: BJP का बड़ा उलटफेर, 10 में से 7...

राजस्थान निकाय चुनाव 2026: BJP का बड़ा उलटफेर, 10 में से 7 नगर निगम में बढ़त; अजमेर में 36 साल बाद कांग्रेस की वापसी के आसार

राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के नतीजों में भाजपा ने बड़ा उलटफेर करते हुए 10 में से 7 नगर निगमों में बढ़त बनाई है। अजमेर में कांग्रेस 36 साल बाद बोर्ड बनाने के करीब पहुंच गई है, जबकि पाली में कांग्रेस ने भाजपा के गढ़ में जीत दर्ज की। जयपुर में भाजपा के सुनील कोठारी ने 900 से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की। जोधपुर में कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष की हार और जयपुर में रिकॉर्ड जीत ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

जयपुर। राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के नतीजों में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिल रहा है। शुरुआती नतीजों और रुझानों में भाजपा ने 10 में से 7 नगर निगमों में बढ़त बना ली है। वहीं अजमेर में कांग्रेस 36 साल बाद नगर निगम में अपना बोर्ड बनाने के करीब पहुंच गई है। पाली में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है, जो भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का गढ़ माना जाता है। एक नगर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।

अजमेर में 36 साल बाद कांग्रेस की वापसी के संकेत

अजमेर नगर निगम के नतीजे इस चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। यहां कांग्रेस बोर्ड बनाने की स्थिति में पहुंचती नजर आ रही है। पिछले 36 साल से अजमेर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड रहा है। ऐसे में अगर कांग्रेस बहुमत हासिल करती है तो इसे बड़ा राजनीतिक उलटफेर माना जाएगा।

पाली में कांग्रेस की जीत

पाली नगर निगम में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर भाजपा को बड़ा झटका दिया है। पाली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का राजनीतिक गढ़ माना जाता है। ऐसे में यहां कांग्रेस की जीत को निकाय चुनाव के अहम नतीजों में शामिल किया जा रहा है।

जयपुर में सुनील कोठारी की जीत

जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 112 से भाजपा के सुनील कोठारी ने 900 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की है। कोठारी का नाम जयपुर के मेयर पद की संभावित दौड़ में भी चर्चा में है। भाजपा ने निवर्तमान मेयर कुसुम यादव का टिकट काटकर सुनील कोठारी को मैदान में उतारा था।वहीं जयपुर के वार्ड नंबर 113 में कांग्रेस उम्मीदवार ने 10,014 वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की है। जयपुर नगर निगम में इस बार सबसे ज्यादा 723 उम्मीदवार मैदान में थे और कुल 150 वार्ड हैं।

जोधपुर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चुनाव हारे

जोधपुर में भी बड़ा चुनावी उलटफेर देखने को मिला। कांग्रेस के शहर जिलाध्यक्ष को भाजपा के मेघराज लोहिया ने चुनाव हरा दिया। लोहिया पूर्व राज्यमंत्री रह चुके हैं। इस नतीजे को जोधपुर की स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उदयपुर में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष के परिवार की जीत

उदयपुर के वार्ड नंबर 17 से कांग्रेस शहर अध्यक्ष फतेह सिंह राठौड़ की पत्नी पूनम कंवर ने जीत दर्ज की है। वहीं वार्ड नंबर 5 से पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के दामाद के भाई आकाश वागरेचा ने चुनाव जीत लिया है।

भरतपुर और जोधपुर में सबसे ज्यादा मतदान

10 नगर निगमों में भरतपुर में सबसे ज्यादा 73.68 फीसदी मतदान हुआ था। इसके बाद जोधपुर में 71.95 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। वहीं अलवर, भीलवाड़ा और पाली में नगर परिषद से नगर निगम बनने के बाद यह पहला नगर निगम चुनाव है।राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजे जैसे-जैसे पूरी तरह साफ होंगे, वैसे-वैसे नगर निगमों में बोर्ड गठन की तस्वीर भी स्पष्ट होगी। फिलहाल भाजपा कई नगर निगमों में बढ़त बनाए हुए है, लेकिन अजमेर और पाली में कांग्रेस की जीत ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि कहां किस पार्टी का बोर्ड बनेगा और किन चेहरों को मेयर की जिम्मेदारी मिलेगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image