राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों में एक ऐसा परिणाम सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। डीडवाना-कुचामन जिले की परबतसर नगर पालिका के वार्ड नंबर 13 में बीजेपी प्रत्याशी कैलाश चंद्र को महज एक वोट मिला। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि बताया जा रहा है कि उनके परिवार के सदस्यों ने भी उन्हें वोट नहीं दिया।
बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे कैलाश चंद्र को उम्मीद थी कि पार्टी के समर्थन के दम पर वे चुनाव जीतने में कामयाब होंगे। लेकिन नतीजे सामने आए तो तस्वीर पूरी तरह उलट थी। वार्ड में कुल 573 वोट पड़े, जिसमें कैलाश चंद्र को सिर्फ एक वोट मिला।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी हिना खानम ने 376 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। निर्दलीय प्रत्याशी रसीद खां को 195 वोट मिले। इस तरह बीजेपी प्रत्याशी अपने वार्ड में बेहद पीछे रह गए।
इस चुनाव परिणाम की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए हो रही है क्योंकि कैलाश चंद्र को मिले एकमात्र वोट को लेकर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर उनके अपने परिवार से भी उन्हें समर्थन क्यों नहीं मिला। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने किसे वोट दिया, यह व्यक्तिगत मतदान की गोपनीयता के कारण आधिकारिक तौर पर निश्चित रूप से नहीं बताया जा सकता।
वहीं, पूरे परबतसर नगर पालिका के नतीजों की बात करें तो यहां बीजेपी ने 25 में से 13 वार्डों में जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया, जबकि कांग्रेस को 12 वार्डों में जीत मिली।
डीडवाना नगर परिषद में कांग्रेस को बढ़त मिली है। यहां कांग्रेस ने 16 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि निर्दलीय उम्मीदवारों ने 14 वार्डों में जीत हासिल की। बीजेपी के खाते में 9 सीटें आईं।
इसी तरह कुचामन नगर परिषद के नतीजों में भी निर्दलीय उम्मीदवारों का प्रभाव देखने को मिला। यहां कांग्रेस ने 17 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी 13 वार्डों में विजयी रहे। बीजेपी ने भी 15 वार्डों में जीत हासिल की।



