Monday, September 14, 2026
HomeCrime Newsजयपुर में निकाय चुनाव के बीच ATM पर 42 लाख की लूट,...

जयपुर में निकाय चुनाव के बीच ATM पर 42 लाख की लूट, पिस्तौल दिखाकर बैंक कर्मचारियों से बैग छीना

जयपुर में निकाय चुनाव के बीच अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM बूथ पर 42 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। तीन बैंक कर्मचारी डिपोजिट मशीन से कैश निकालकर बैंक की ओर जा रहे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया। पूरी वारदात करीब 30 सेकेंड में हुई। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।

जयपुर। जयपुर में बैंक कर्मचारियों से रुपयों से भरा बैग छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार, महज 30 सेकेंड में वारदात को दिया अंजाम। जयपुर में अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM बूथ में 42 लाख रुपए की लूट का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह करीब 10:41 बजे बैंक के तीन कर्मचारी ATM बूथ में लगी डिपोजिट मशीन से कैश निकालकर बैंक की बिल्डिंग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हेलमेट पहने दो बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और पिस्तौल दिखाकर कर्मचारियों से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से मौके से फरार हो गए।

30 सेकेंड में वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के मुताबिक, पूरी वारदात करीब 30 सेकेंड में हुई। CCTV फुटेज में दो बदमाश हेलमेट लगाए पैदल ATM बूथ की तरफ आते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद जैसे ही बैंक कर्मचारी बूथ से बाहर निकले, बदमाशों ने उन्हें पिस्तौल दिखाकर डराया और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। कर्मचारियों ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और फिर बाइक से फरार हो गए। बदमाशों के भागने के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें पकड़ने के लिए पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए।

तीन दिन की छुट्टी के बाद निकाला था कैश

रामनगरिया थाना पुलिस के मुताबिक, बैंक के दो महिला कर्मचारी और एक पुरुष कर्मचारी ATM बूथ में लगी डिपोजिट मशीन से कैश निकालने पहुंचे थे। तीन दिन की बैंक छुट्टी के बाद मशीन से करीब 42 लाख रुपए निकाले गए थे। कर्मचारियों ने कैश को काले बैग में रखा और बैंक की बिल्डिंग में अंदर जाने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया।

रेकी के बाद वारदात का शक

पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि बदमाशों ने वारदात से पहले बैंक कर्मचारियों और कैश निकालने की प्रक्रिया की रेकी की थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों को कैश निकाले जाने की जानकारी कैसे मिली। वारदात के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी करवाई, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। घटना के बाद आसपास के इलाके में लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image