Jaipur Businessman Murder: राजधानी जयपुर में रुपए के लेनदेन के विवाद में व्यापारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. 2 दिन से लापता बिजनेसमैन का शव सोमवार सुबह शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में एक कार में मिला. पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी कराई थी दर्ज
मृतक की पहचान 40 वर्षीय हरिशंकर शर्मा के रूप में हुई है, जो शिवदासपुरा क्षेत्र के विधानी के रहने वाले थे और बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का कारोबार करते थे. परिजनों के अनुसार, हरिशंकर शनिवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे. मोबाइल फोन बंद आने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और रविवार को शिवदासपुरा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
1 करोड़ रुपए लेनदेन के जुड़ा है विवाद
मृतक के छोटे भाई प्रहलाद शर्मा ने बताया कि हरिशंकर ने अपने परिचित सीताराम खोज को बिल्डिंग मटेरियल और अन्य कारोबार से जुड़े कार्यों के लिए करीब 1 करोड़ रुपये उधार दिए थे. लंबे समय से वह अपनी रकम वापस मांग रहे थे. आरोप है कि भुगतान करने के बजाय सीताराम ने एक प्लॉट का सौदा करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन विवाद लगातार बढ़ता गया.
परिजनों का आरोप है कि इसी पैसों के विवाद के चलते शनिवार रात सीताराम ने हरिशंकर की हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को आरोपी ने अपने घर पर चारे के ढेर में छिपा दिया ताकि किसी को इसकी भनक न लगे.
कट्टों में बांधकर शव ठिकाने लगाने की कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी रविवार को शव को ठिकाने लगाने की कोशिश करता रहा। उसने एक परिचित से कार मांगी और शव को कट्टों में भरकर रस्सियों से बांध दिया. इसके बाद देर रात तक विभिन्न स्थानों पर घूमता रहा, लेकिन शव को ठिकाने लगाने में सफल नहीं हो पाया।
सोमवार सुबह आरोपी दोबारा शव को ठिकाने लगाने के लिए निकला. वह बॉम्बे हॉस्पिटल के पास नाले के क्षेत्र में पहुंचा और मदद के लिए अपने एक दोस्त को बुलाया. जब दोस्त को कार की डिग्गी में शव होने की जानकारी मिली तो उसने तुरंत पुलिस को सूचना दे दी.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
चाकसू एसीपी भवानी सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी कार छोड़कर फरार हो गया था. हालांकि बाद में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल भेजा गया है.
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने हरिशंकर को लात मारी थी. जिससे उसका सिर दरवाजे की चौखट से टकरा गया था.
ये भी पढ़ें: एक्ट्रेस संचिता उगले ने किया सुसाइड, फिल्म ‘छावा’ में निभाया था ताराबाई का किरदार



