जयपुर। राजस्थान के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल अमरीका यात्रा से लौटकर जयपुर पहुंच गए हैं। पदस्थापन की प्रतीक्षा (APO) में चल रहे अग्रवाल ने मंगलवार, 10 नवंबर को कार्मिक विभाग में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। उनके जयपुर लौटने के बाद 40 विला-कॉटेज खरीद से जुड़े कथित अनियमितता मामले में जांच को लेकर हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, जयपुर पहुंचने के बाद शिखर अग्रवाल सीधे कार्मिक विभाग पहुंचे और वहां अपनी जॉइनिंग दी। इस दौरान कार्मिक विभाग की ओर से उनसे कुछ प्रारंभिक सवाल-जवाब भी किए गए। बताया जा रहा है कि अग्रवाल के जवाबों की एक कॉपी एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) को भी भेजी गई है।
यह खबर भी पढ़ें:-महिला विधायक के पति का 10 हजार का चालान, सोशल मीडिया पर वायरल हुई राजस्थान पुलिस की कार्रवाई
31 अक्टूबर को ACB ने दर्ज की थी प्रारंभिक जांच
राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद ACB ने 31 अक्टूबर को शिखर अग्रवाल के खिलाफ प्रारंभिक जांच (PE) दर्ज की थी। इस मामले में उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर का नाम भी जांच के दायरे में बताया जा रहा है।
आरोप है कि शिखर अग्रवाल ने एक निजी कंपनी से कथित तौर पर कम कीमत पर 40 विला और कॉटेज खरीदे। साथ ही पद का दुरुपयोग कर खुद और संबंधित निजी कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाने तथा राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान पहुंचाने के आरोप भी लगाए गए हैं। इन आरोपों की जांच अभी प्रारंभिक स्तर पर है।
अमरीका से लौटने के बाद बढ़ी पूछताछ की संभावना
शिखर अग्रवाल पिछले कुछ दिनों से निजी यात्रा पर अमरीका में थे। इसी दौरान 40 विला-कॉटेज की खरीद से जुड़ा कथित भ्रष्टाचार प्रकरण चर्चा में आया। अब उनकी वापसी के बाद मामले में आगे की जांच और संभावित पूछताछ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार, ACB अग्रवाल से इस मामले में जवाब-तलब कर सकती है। हालांकि, पूछताछ की तारीख या आधिकारिक कार्रवाई को लेकर अभी कोई अंतिम जानकारी सामने नहीं आई है।
यह खबर भी पढ़ें:-गिरगांव चौपाटी पर नहीं होगी छठ पूजा, बॉम्बे हाईकोर्ट ने याचिका की खारिज
कौन हैं वरिष्ठ IAS शिखर अग्रवाल?
शिखर अग्रवाल राजस्थान कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में वे राज्य सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वे मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) वन एवं पर्यावरण और जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के आयुक्त जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं।
प्रशासनिक समन्वय, शहरी विकास और पर्यावरण से जुड़े विभागों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब 40 विला-कॉटेज खरीद मामले में ACB की जांच के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।



