जयपुर। झोटवाड़ा स्थित प्रेम नगर के अंबिका विहार में रविवार रात एक शोरूम में भीषण आग लगने से आसपास की बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। शोरूम से महज 10 मीटर की दूरी पर गैस गोदाम होने के कारण बड़ा हादसा होने का खतरा बना रहा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आने से प्रभावित हुए। एक मकान की दीवार में दरारें आ गईं। दमकल की 15 गाड़ियों ने करीब साढ़े छह घंटे की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह आग पर काबू पाया।
यह खबर भी पढ़ें:-पंचायत चुनाव से पहले चूरू में सियासी तनाव, प्रमोद पूनियां की गिरफ्तारी पर ग्रामीणों का प्रदर्शन
पहली मंजिल से शुरू हुई आग, तीन मंजिलों तक फैली लपटें
जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर में सुमित डंगायच का साड़ी, फर्निशिंग और फर्नीचर का शोरूम है। रविवार रात करीब 11:30 बजे शोरूम की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और तीनों मंजिलों तक फैल गई।
शोरूम के बेसमेंट में गद्दे, फर्निशिंग और फर्नीचर का सामान रखा हुआ था, जबकि पहली से तीसरी मंजिल तक कपड़ों और साड़ियों का स्टॉक था। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
गैस गोदाम तक पहुंच सकती थीं लपटें, टला बड़ा हादसा
शोरूम से करीब 10 मीटर की दूरी पर गैस गोदाम मौजूद था। आग की भयावहता को देखते हुए दमकलकर्मियों के सामने लपटों को गोदाम की तरफ बढ़ने से रोकने की चुनौती थी। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग को गैस गोदाम तक पहुंचने से रोका। गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
मकान की दीवार में आईं दरारें, रातभर दहशत में रहे लोग
आग की तेज लपटों और तपिश का असर आसपास के मकानों पर भी पड़ा। अंबिका विहार निवासी प्रदीप सिंह ने बताया कि उनका मकान शोरूम के पीछे वाली गली में है। आग की लपटें उनके मकान की पिछली दीवार तक पहुंच गईं, जिससे दीवार में दरारें आ गईं। आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग पूरी रात दहशत में रहे। लोगों को डर था कि कहीं आग उनके मकानों या पास स्थित गैस गोदाम तक न पहुंच जाए।
यह खबर भी पढ़ें:-भाई दूज 2026: 10 या 11 नवंबर को मनाया जाएगा त्योहार? जानें तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
15 दमकलों ने 90 चक्कर लगाकर बुझाई आग
सहायक अग्निशमन अधिकारी सुरेश कुमार यादव के अनुसार, आग बुझाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियां लगाई गई थीं। प्रत्येक दमकल ने करीब 10 चक्कर लगाए। करीब साढ़े छह घंटे तक चले अभियान के बाद सोमवार सुबह लगभग 6 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
इसी दौरान जयपुर के वैशाली नगर स्थित रंगोली गार्डन में 11 मंजिला इमारत के एक फ्लैट और सांगानेर में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि, इन दोनों जगहों पर भी आग पर काबू पा लिया गया।



