Lawrence Bishnoi News : चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और नशा तस्करी के मुद्दे को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। जालंधर में पंजाब राज्य व्यापारी आयोग की बैठक के बाद आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि गुजरात की साबरमती जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई को केंद्र सरकार का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने तंज कसते हुए बिश्नोई को भाजपा की ‘ईडी पार्टी’ का दामाद तक करार दिया।
लॉरेंस बिश्नोई को केंद्र सरकार का संरक्षण प्राप्त : केजरीवाल
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय यह सुनिश्चित कर रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल में ही रहे और वहीं से वह अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन करता रहे। उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में बिश्नोई गिरोह से जुड़ा कोई अपराध होता है तो पंजाब पुलिस उसे पूछताछ के लिए राज्य में नहीं ला सकती और अधिकारियों को खुद गुजरात जाकर उससे पूछताछ करनी पड़ती है। आप प्रमुख ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई जेल में रहते हुए न केवल भारत बल्कि विदेशों तक अपना नेटवर्क संचालित कर रहा है और उसे हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण कानून प्रवर्तन एजेंसियों के हाथ बंधे हुए हैं।
पंजाब में कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बोलते हुए केजरीवाल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य में कोई नया गैंगस्टर पैदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सत्ता संभालने के समय पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क और नशा तस्करी सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल थे। उनके मुताबिक, राज्य में सक्रिय अधिकांश गैंगस्टरों का संबंध पुरानी राजनीतिक पार्टियों से रहा है या वे उन्हीं की देन हैं। केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार सात अलग-अलग देशों से सात गैंगस्टरों को वापस पंजाब लाने में सफल रही है और संगठित अपराध तथा नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कई नेटवर्क ध्वस्त किए हैं।
एंटी-ड्रोन सिस्टम से नशा तस्करी पर लगाम : केजरीवाल
नशे के मुद्दे पर भी उन्होंने भाजपा शासित गुजरात को निशाने पर लिया। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि गुजरात देश में मादक पदार्थों की तस्करी का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि जब उनकी सरकार पंजाब में आई थी, तब लगभग 70 फीसदी नशा पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए और 30 फीसदी गुजरात से आता था, लेकिन अब स्थिति बदल गई है और अधिकांश नशे की खेप गुजरात से पहुंच रही है। उन्होंने दावा किया कि एंटी-ड्रोन सिस्टम की मदद से पंजाब सरकार ने पाकिस्तान सीमा के जरिए होने वाली तस्करी पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया है। केजरीवाल ने वर्ष 2021 में गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर करीब 3,000 किलोग्राम मादक पदार्थों की बरामदगी का भी उल्लेख किया और कहा कि गुजरात देश में ड्रग्स की एंट्री का बड़ा गेटवे बन चुका है। साथ ही उन्होंने कथित रूप से गायब हुए ड्रग्स स्टॉक को लेकर भी सवाल उठाते हुए जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।



