SRH vs RR Eliminator Highlights: IPL 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हरा दिया. इस हार के साथ ही SRH का आईपीएल 2026 का सफर भी खत्म हो गया है. मुल्लांपुर में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर जीत के हीरो रहे. इसके साथ ही राजस्थान रॉयल्स की टीम दूसरे क्वालीफायर में पहुंच गई है. जहां अब उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा.

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाने का काम 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने किया. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 8 ओवर में 125 रन जोड़कर सनराइजर्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की.

वैभव सूर्यवंशी ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा
वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 29 गेंदों में 97 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और इस दौरान आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा 59 छक्के लगाने के क्रिस गेल के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया. वहीं ध्रुव जुरेल ने 21 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. कप्तान रियान पराग ने भी उपयोगी पारी खेली.सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए. हालांकि कप्तान पैट कमिंस और साकिब हुसैन काफी महंगे साबित हुए.

जोफ्रा आर्चर ने बरपाया कहर
244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने पावरप्ले में ही 4 विकेट गंवा दिए. जोफ्रा आर्चर ने शुरुआत से ही कहर बरपाते हुए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड जैसे बड़े बल्लेबाजों को जल्दी आउट कर दिया. हालांकि इशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी और सलील अरोड़ा ने कुछ संघर्ष जरूर किया, लेकिन राजस्थान के गेंदबाजों के सामने टीम कभी मैच में वापसी नहीं कर सकी. आर्चर ने 3 विकेट झटके, जबकि रविंद्र जडेजा और नांद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट हासिल किए.




