Saturday, May 16, 2026
HomeLatest NewsIPL Auction 2026 : केकेआर ने ग्रीन, पथिराना पर जमकर किया खर्च,...

IPL Auction 2026 : केकेआर ने ग्रीन, पथिराना पर जमकर किया खर्च, CSK ने युवा प्रशांत, कार्तिक पर लगाया बड़ा दांव

आईपीएल खिलाड़ियों की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये और श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को 18 करोड़ रुपये में खरीदा। ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने। इस नीलामी में अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर भी जमकर पैसा बरसा, जिसमें प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा 14.20 करोड़ रुपये में बिके।

IPL Auction 2026 : अबूधाबी। कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के खिलाड़ियों की नीलामी में मंगलवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज हरफनमौला ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये और श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना के लिए 18 करोड़ रुपये खर्च किए। इस नीलामी में ‘अनकैप्ड’ (अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलने वाले) भारतीय खिलाड़ियों को भी बड़ी सफलता मिली। इसमें उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय बाएं हाथ के स्पिनर प्रशांत वीर और राजस्थान के विकेटकीपर और आक्रामक बल्लेबाज कार्तिक शर्मा को चेन्नई सुपर किंग्स ने एक समान 14.20 करोड़ रुपये में खरीदा। दोनों खिलाड़ी 30 लाख रुपये की आधार मूल्य में आने के बाद आईपीएल नीलामी के इतिहास में सबसे अधिक कीमत पाने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए।

दिल्ली कैपिटल्स ने आकिब नबी को 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा

जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी दार को भी दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा। दार की शुरुआती कीमत भी 30 लाख रुपये थी। पृथ्वी साव और सरफराज खान जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अच्छी लय में होने के बावजूद इस नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिला। ग्रीन ने अपने हमवतन मिशेल स्टार्क (24.75 करोड़ रुपये) को पीछे छोड़ते हुए आईपीएल नीलामी में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। केकेआर और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच उनके लिए कड़ी बोली लगी, जिसके अंत में चेन्नई की फ्रेंचाइजी पिछड़ गयी। केकेआर ने इसके बाद वेंकटेश अय्यर को हासिल करने की कोशिश की थी, लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस हरफनमौला को सात करोड़ रुपये की बोली के साथ अपनी से जोड़ा।

पथिराना आईपीएल में बिकने वाले सबसे महंगे श्रीलंकाई खिलाड़ी बने

तीन बार की इस चैंपियन ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज पथिराना को खरीदने की होड़ में तब प्रवेश किया जब दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुरुआती बोली के बार पीछे हटने का फैसला किया। दो करोड़ रुपये की आधार मूल्य के साथ इस नीलामी में शामिल होने वाले पथिराना आईपीएल में बिकने वाले सबसे महंगे श्रीलंकाई खिलाड़ी बन गए। विदेशी खिलाड़ियों के लिए नीलामी के नियमों के अनुसार हालांकि शेष राशि बीसीसीआई के खिलाड़ी विकास कार्यक्रम में जाएगी। ऐसे में इस सत्र के लिए उनका वेतन 18 करोड़ रुपये (19 लाख अमेरिकी डॉलर) ही रहेगा। इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करने वाले पथिराना को हालांकि पूरी रकम मिलेगी क्योंकि वह वेतन सीमा के अंदर है। केकेआर के प्रबंध निदेशक वेंकी मैसूर ने कहा कि फ्रेंचाइजी ग्रीन को जिस कीमत पर हासिल किया गया है, उससे वे खुश हैं। उम्मीद है कि ग्रीन आगामी सत्र में टीम को काफी मजबूती प्रदान करेंगे।

मैसूर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, हम बहुत खुश हैं। यह वह चीज थी जिस पर हमारा ध्यान केंद्रित था और जिसकी हम उम्मीद कर रहे थे। जिस कीमत पर हमने उन्हें खरीदा है, उससे हम संतुष्ट हैं। कीमत अगर इससे ज्यादा होती तो चिंता की बात होती। हम उन्हें खरीदने के इच्छुक थे और उनसे जुड़े हुए थे, लेकिन अगर इससे नीलामी की हमारी योजना प्रभावित होती तो हम उन्हें जाने देते। उन्होंने आगे कहा, वे हमारी टीम को काफी मजबूती प्रदान करेंगे और हमारे नये ‘पावर कोच’ आंद्रे रसेल की मौजूदगी में हम जानते हैं कि वे बल्ले और गेंद से क्या कर सकते हैं, इससे हम बहुत खुश हैं। उन्होंने कहा, बीसीआई द्वारा 18 करोड़ रुपये के नियम पर हमारा दृष्टिकोण यह है कि हमें कोई चिंता नहीं है, वैसे भी यह फ्रेंचाइजी को तो यह रकम देनी ही पड़ेगी।

सरफराज खान को नहीं मिला कोई खरीददार

ग्रीन इससे पहले मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने आईपीएल के 29 मैचों में 707 रन बनाने के अलावा 16 विकेट भी चटकाए है। ग्रीन ने कहा, इस साल के आईपीएल के लिए कोलकाता का हिस्सा बनकर मैं बहुत उत्साहित हूं। ईडन गार्डन्स में जाकर वहां के माहौल से परिचित होना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मुझे उम्मीद है कि यह साल हमारे लिए शानदार रहेगा। जल्द ही मिलते हैं। अमी केकेआर। साव हालांकि घरेलू क्रिकेट में शानदार लय में होने के बावजूद किसी फ्रेंचाइजी को प्रभावित करने में नाकाम रहे। यह हाल सरफराज का भी रहा जिन्होंने मंगलवार को मुंबई के लिए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच में 22 गेंदों में 73 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके आधार मूल्य दो करोड़ रुपये में खरीदा जबकि न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे (आधार मूल्य दो करोड़ रुपये) नीलामी में नहीं बिके।

दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी सलामी बल्लेबाज एवं विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक एक करोड़ रुपये के आधार मूल्य पर अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में वापस लौटे।तेज गेंदबाजों में आकाश दीप, स्पेंसर जॉनसन को भी कोई बोली नहीं मिली है, जबकि दो करोड़ रुपये की कीमत वाले एनरिच नॉर्किया को इसी रकम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी टीम में शामिल कर लिया। स्पिनरों में रवि बिश्नोई को राजस्थान रॉयल्स ने 7.2 करोड़ रुपये में खरीदा जबकि राहुल चाहर, महीश तीक्षणा और मुजीब उर रहमान शुरुआती नीलामी में नहीं बिके। सीएसके ने अकील हुसैन को दो करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया। इस छोटी नीलामी में कुल 359 खिलाड़ी ( 246 भारतीय और 113 विदेशी खिलाड़ी) शामिल हैं, जिसमें 10 फ्रेंचाइजी अधिकतम 77 खिलाड़ियों के लिए बोली लगा रही हैं, जिनमें से 31 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular