Wednesday, September 30, 2026
HomeIndiaएशियन गेम्स में भारत की गोल्डन हैट्रिक, मेडल टैली में 8वें स्थान...

एशियन गेम्स में भारत की गोल्डन हैट्रिक, मेडल टैली में 8वें स्थान पर पहुंचा देश

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने बुधवार को चार घंटे के अंदर 3 गोल्ड मेडल जीते। तीरंदाजी में महिला कंपाउंड टीम और चिकिता तनिपार्थी-साहिल राजेश जाधव की जोड़ी ने गोल्ड जीता। इसके बाद नीरू ढांडा और किनान चेनाई ने मिक्स्ड ट्रैप शूटिंग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या अब 9 हो गई है।

जापान। भारत ने एशियन गेम्स के 11वें दिन बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए चार घंटे के भीतर 3 गोल्ड मेडल अपने नाम किए। तीरंदाजी के कंपाउंड इवेंट से शुरू हुआ गोल्ड का सिलसिला शूटिंग के मिक्स्ड ट्रैप इवेंट तक पहुंचा। इन तीन स्वर्ण पदकों के साथ भारत के कुल गोल्ड मेडल की संख्या 9 हो गई है।भारत अब एशियन गेम्स की मेडल टैली में 8वें स्थान पर है। देश के खाते में अब तक कुल 57 मेडल हैं, जिनमें 9 गोल्ड, 21 सिल्वर और 27 ब्रॉन्ज शामिल हैं। खास बात यह है कि भारत के 9 गोल्ड में से 5 महिलाओं ने जीते हैं।

तीरंदाजी में महिला टीम ने जीता पहला गोल्ड

दिन की शुरुआत भारतीय महिला कंपाउंड टीम के गोल्ड मेडल से हुई। ज्योति सुरेखा, चिकिता तनिपार्थी और पृथिका प्रदीप की टीम ने फाइनल में चीन को 238-234 से हराया।इस जीत के साथ भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया। टीम ने इस दौरान वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी की। यह रिकॉर्ड इससे पहले दक्षिण कोरिया के नाम था, जिसने 2014 में बनाया था।

चिकिता-साहिल की जोड़ी ने शूटऑफ में जीता दूसरा गोल्ड

इसके बाद चिकिता तनिपार्थी और साहिल राजेश जाधव की भारतीय जोड़ी ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड जीता।भारत और दक्षिण कोरिया का स्कोर मुकाबले के बाद 157-157 से बराबर रहा। इसके बाद शूटऑफ में भारतीय जोड़ी ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन किया। दोनों ने 10-10 अंक हासिल किए, जबकि कोरिया के एक खिलाड़ी ने 9 अंक बनाए।चिकिता का यह एशियन गेम्स में दूसरा गोल्ड, जबकि साहिल का पहला स्वर्ण पदक है।

शूटिंग में नीरू-किनान की जोड़ी ने दिलाया तीसरा गोल्ड

भारत को दिन का तीसरा गोल्ड मिक्स्ड ट्रैप शूटिंग इवेंट में मिला। नीरू ढांडा और किनान चेनाई की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।भारतीय जोड़ी ने 34 निशाने टारगेट पर लगाकर एशियन रिकॉर्ड भी तोड़ा। खास बात यह रही कि शुरुआती सीरीज में भारतीय टीम 10 में से 6 निशाने ही सही लगा पाई थी और सबसे नीचे थी। इसके बाद नीरू और किनान ने शानदार वापसी की और आगे एक भी निशाना नहीं चूका।भारत ने एक अंक के अंतर से गोल्ड जीता। कतर ने सिल्वर और चीन ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इस इवेंट में भारत ने एशियन गेम्स में पहली बार गोल्ड मेडल जीता है।

बॉक्सिंग में लवलीना फाइनल में

गोल्ड की हैट्रिक के अलावा बॉक्सिंग में भी भारत के लिए अच्छी खबर आई। लवलीना बोरगोहेन ने महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में कजाखस्तान की नताल्या को 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बना ली।वहीं, प्रिया घंघास को महिलाओं के 60 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में चीन की यांग चेंगयू से 1-4 से हार मिली। इसके साथ प्रिया ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।जूडो में अस्मिता डे भी ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में पहुंच गई हैं। हालांकि, कुश्ती में निशा रेपेचेज मुकाबला हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।इस तरह एशियन गेम्स के 11वें दिन भारत के खाते में अब 9 गोल्ड समेत कुल 57 मेडल हो चुके हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image