ICC ODI Rankings: आईसीसी की वार्षिक अपडेट के बाद जारी पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना नंबर-1 स्थान बरकरार रखा है. हालांकि शीर्ष स्थान पर मौजूद भारत और दूसरे स्थान की न्यूजीलैंड टीम के बीच अंक का अंतर पहले की तुलना में कम हो गया है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) द्वारा जारी ताजा रैंकिंग के अनुसार भारत के रेटिंग अंक 119 से घटकर 118 हो गए हैं. वहीं न्यूजीलैंड को दो अंकों का फायदा हुआ है और उसके कुल अंक बढ़कर 113 हो गए हैं. इसके चलते दोनों टीमों के बीच अंतर 8 अंकों से घटकर अब केवल 5 अंक रह गया है.
पाकिस्तान को पीछे छोड़ चौथे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका
मौजूदा विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया 109 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम है. वहीं टॉप-10 टीमों में सबसे बड़ा बदलाव दक्षिण अफ्रीका के रूप में देखने को मिला है. दक्षिण अफ्रीका ने 102 अंकों के साथ पाकिस्तान को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल कर लिया है. पाकिस्तान 98 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गया है.
STORY | India retain top spot in men's ODI team rankings after annual update
— Press Trust of India (@PTI_News) June 11, 2026
India have retained their position at the top of the ICC Men's ODI Team Rankings following the annual update, but their lead over New Zealand has reduced from eight to five points.
Following the… pic.twitter.com/qgVVxisWzA
बांग्लादेश की स्थिति हुई मजबूत
रैंकिंग में अन्य टीमों की बात करें तो नौवें स्थान पर मौजूद बांग्लादेश और दसवें स्थान की वेस्टइंडीज के बीच अंतर अब बढ़कर 10 अंकों का हो गया है. इससे बांग्लादेश की स्थिति पहले की तुलना में अधिक मजबूत दिखाई दे रही है.
वहीं आयरलैंड ने जिम्बाब्वे को पीछे छोड़ते हुए 11वां स्थान हासिल कर लिया है. वहीं अमेरिका ने स्कॉटलैंड को पछाड़कर 13वें स्थान पर कब्जा जमा लिया है. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भी कनाडा को पीछे छोड़ते हुए 19वां स्थान हासिल किया है.
T20 रैंकिंग में भी शीर्ष पर भारत
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह जारी ICC की वार्षिक अपडेट के बाद भारत पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी शीर्ष स्थान पर बना हुआ है. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया टेस्ट क्रिकेट में नंबर-1 टीम है। महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा कायम है और वह महिला वनडे तथा टी20 अंतरराष्ट्रीय दोनों रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज है.
ये भी पढ़ें: रक्षा क्षेत्र में भारत को बड़ी कामयाबी, मेड इन इंडिया C-295 मिलिट्री एयरक्राफ्ट विमान ने भरी सफल उड़ान



