Wayanad Landslide : वायनाड (केरल)। केरल के वायनाड जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच कल्लाडी इलाके में हुए भूस्खलन का एक खौफनाक वीडियो सामने आया है। वीडियो में सड़क और मीनाक्षी पुल के पास मिट्टी का विशाल ढेर अचानक नीचे खिसकता दिखाई देता है। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच जाती है और महिलाएं सहित कई लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते नजर आते हैं। वीडियो में पीछे से किसी व्यक्ति की आवाज सुनाई देती है, जो चिल्लाते हुए कहता है, “जल्दी भागो दोस्तों”, जबकि एक अन्य आवाज “रन फास्ट फ्रेंड्स, टेक अ फोटो” भी सुनाई देती है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
टीवी चैनलों पर प्रसारित यह वीडियो पुल के दूसरी ओर से रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि मलप्पुरम और वायनाड जिलों को जोड़ने वाली सुरंग सड़क परियोजना के तहत कल्लाडी स्थित मीनाक्षी पुल के समीप जमा मिट्टी का बड़ा हिस्सा लगातार बारिश के कारण अचानक नीचे खिसक गया। देखते ही देखते भारी मात्रा में मलबा सड़क पर फैल गया और आसपास लगे कई पेड़ धराशायी हो गए। निर्माण स्थल पर लगाए गए धातु और कपड़े के सुरक्षा अवरोधक भी मलबे के साथ बह गए।
भूस्खलन के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह दौड़कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बाद में सामने आए दृश्यों में पुल और उसके आसपास का क्षेत्र मोटी मिट्टी की परतों से ढका दिखाई दिया, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचावकर्मी यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि कहीं कोई व्यक्ति मलबे के नीचे तो नहीं दबा है। राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि मलप्पुरम और वायनाड को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी अनक्कमपोयिल-मेप्पाडी सुरंग सड़क परियोजना का निर्माण कार्य पिछले वर्ष शुरू हुआ था। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हुए इस भूस्खलन ने निर्माण कार्य की सुरक्षा और क्षेत्र की संवेदनशीलता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह खबर भी पढ़ें:-जगन गुर्जर केस में नया मोड़: जेल के अंदर पप्पू गुर्जर समेत कई बंदियों से होगी पूछताछ, खुल सकते हैं बड़े राज



