Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में भी एक-दो स्थानों पर अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई. इस दौरान सबसे अधिक 91 मिलीमीटर बारिश जालौर जिले के जसवंतपुरा में दर्ज की गई.
8 और 9 जुलाई को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि 8 और 9 जुलाई को दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान के उदयपुर और कोटा संभाग सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं बेहद भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के उफान और यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. हालांकि, विभाग के अनुसार, 10 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है.
*राजस्थान मौसम/मानसून अपडेट* : 7 जुलाई
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 7, 2026
* आज राज्य के दक्षिण-पश्चिम भागों में मानसून और आगे बढ़ा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी रेखा बाड़मेर, जोधपुर व राजगढ़ से होकर गुजर रही है। आगामी दो दिनों में बीकानेर संभाग व शेष भागों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। pic.twitter.com/7F6LlNy5ft
इन संभागों में आज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जोधपुर और जयपुर संभाग के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. वहीं, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) July 7, 2026
इसके अलावा पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. विभाग ने मंगलवार और बुधवार को इन क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है. विशेष रूप से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और पहाड़ी इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है. प्रशासन को भी संभावित जलभराव और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढ़ें: फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान दमिश्क में ब्लास्ट, आसमान में उठता दिखा धुएं का गुबार



