Tuesday, June 30, 2026
HomeLatest Newsहार्दिक पंड्या ने लिया बड़ा फैसला, BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को बनाया...

हार्दिक पंड्या ने लिया बड़ा फैसला, BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को बनाया स्थायी ट्रेनिंग बेस

Hardik Pandya News : नई दिल्ली। भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अपने करियर के शेष समय के लिए बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) को स्थायी ट्रेनिंग बेस बनाने का फैसला किया है। ऐसा करने वाले वह पहले मौजूदा भारतीय क्रिकेटर होंगे। यहां रहकर वह फिटनेस, रिहैब और स्किल ट्रेनिंग पर पूरा फोकस करेंगे। पंड्या का यह कदम इसलिए सभी का ध्यान खींच रहा है क्योंकि भारत के केंद्रीय अनुंधित खिलाड़ी आम तौर पर चोट से उबरने (रिहैबिलिटेशन), फिटनेस परीक्षण या राष्ट्रीय शिविर के लिए ही सीओई जाते हैं।

बेंगलुरु में बनाया स्थायी ट्रेनिंग बेस, बड़ा फैसला

पंड्या मूल रूप से गुजरात के बड़ौदा के रहने वाले हैं लेकिन उन्होंने पिछले दशक में अधिकतर समय मुंबई में बिताया है और मुख्य रूप से अपनी आईपीएल टीम मुंबई इंडियन्स की घंसोली स्थित सुविधा में ट्रेनिंग की है। अभी जांघ की चोट से उबर रहे 32 वर्षीय पंड्या ब्रिटेन के सीमित ओवरों के मौजूदा दौरे से बाहर हो गए थे। उन्होंने पिछले छह महीने में सीओई में काफी समय बिताया है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, हार्दिक पहले ही स्थायी रूप से बेंगलुरु स्थानांतरित हो चुके हैं। उन्होंने शहर के बाहरी इलाके में सीओई के पास एक संपत्ति किराए पर ली है। वह अपने करियर के बाकी समय के लिए सीओई को अपना स्थायी ट्रेनिंग केंद्र बनाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर होंगे।

फिटनेस और रिहैब पर रहेगा पूरा फोकस

सूत्र ने कहा, हार्दिक मुंबई से बाहर जाना चाहते थे क्योंकि ट्रेनिंग के लिए रोजाना अपने लोअर परेल स्थित घर से आना-जाना एक समस्या बन गई थी। केंद्रीय अनुबंध वाले क्रिकेटर के तौर पर उन्हें सीओई में चोट के इलाज से लेकर कौशल ट्रेनिंग तक सभी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा, इसलिए जब भी वह आईपीएल, राज्य या राष्ट्रीय टीम के साथ नहीं हों तो उन्होंने सीओई को अपना स्थायी आधार बनाने का फैसला किया है।

माना जा रहा है कि हार्दिक के पास अपने फिजियोथेरेपिस्ट और निजी स्ट्रेंथ एवं अनुकूलन कोच भी होंगे जो सीओई के बाहर ट्रेनिंग में उनकी मदद करेंगे। सूत्र ने कहा, यह जब तक वह भारत के लिए सीमित ओवरों का क्रिकेट खेलते हैं तब तक बेंगलुरु में बसने जैसा है और उनका इरादा कम से कम अगले पांच से छह साल तक खेलने का है। उन्होंने कहा, यहां तक ​​कि जब वह अपने कौशल पर काम करते हैं, जैसे सीओई द्वारा नियुक्त किए गए नेट गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी करना तो हार्दिक उन्हें अपनी जेब से पैसे देते हैं।

माना जा रहा है कि पंड्या की चोट से उबरने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने निजी काम के लिए कुछ दिनों की छुट्टी ली है और उम्मीद है कि वह एक-दो दिन में सीओई लौट आएंगे। हालांकि यह साफ नहीं है कि ‘खेलने के लिए वापसी’ प्रोटोकॉल पूरे करने के बाद फिट घोषित किए जाने पर उन्हें ब्रिटेन दौरे के ठीक बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली तीन मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए चुना जाएगा या नहीं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image