Sunday, October 11, 2026
HomeCrime Newsहनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा, दर्शन के लिए जा रहे एक ही...

हनुमानगढ़ में भीषण सड़क हादसा, दर्शन के लिए जा रहे एक ही परिवार के 3 युवकों की मौत

हनुमानगढ़ के पल्लू-नोहर मेगा हाईवे पर पिकअप की टक्कर से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। चारों युवक मां ब्रह्माणी के दर्शन के लिए पैदल जा रहे थे। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

हनुमानगढ़। राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में रविवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक मां ब्रह्माणी के दर्शन करने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पल्लू-नोहर मेगा हाईवे पर पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में किसान आंदोलन तेज, हनुमान बेनीवाल की अगुवाई में बैरिकेडिंग तोड़ हाईवे पर बैठे किसान

मां ब्रह्माणी के दर्शन के लिए निकले थे युवक

पुलिस के अनुसार, रावतसर तहसील के किकरालिया गांव से युवकों का एक समूह रविवार तड़के मां ब्रह्माणी के दर्शन के लिए पैदल रवाना हुआ था। युवक मंदिर में दर्शन कर मन्नत मांगने जा रहे थे। इसी दौरान पल्लू से करीब 16 किलोमीटर दूर झेदासर और माहेला गांव के बीच मेगा हाईवे पर यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि पीछे से तेज गति में आई पिकअप ने पैदल चल रहे युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

एक ही परिवार के तीन युवकों की मौत

हादसे में किकरालिया गांव के अशोक (21), अजय (27) और मोहित (22) की मौत हो गई। वहीं, रुपेश (25) गंभीर रूप से घायल हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चारों युवक एक ही परिवार में चाचा-ताऊ के बेटे थे।

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक छा गया। जिस यात्रा पर युवक धार्मिक आस्था के साथ निकले थे, वह परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गई।

यह खबर भी पढ़ें:-ध्रुव राठी की रिहाई, दिल्ली में 6 हजार से ज्यादा लोगों पर कार्रवाई, क्या है पूरा मामला?

पिकअप छोड़कर चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, पीछे से आ रहे एक कार चालक ने पिकअप का पीछा कर उसे रुकवाया था। इसके बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। तीनों मृतकों का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। परिजनों की ओर से पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। चालक की पहचान और दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image