Tuesday, July 7, 2026
HomeIndiaनागौर में सियासी घमासान: गोरी नागौरी ने हनुमान बेनीवाल को दी चुनौती,...

नागौर में सियासी घमासान: गोरी नागौरी ने हनुमान बेनीवाल को दी चुनौती, खींवसर से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा

नागौर की राजनीति में गोरी नागौरी और हनुमान बेनीवाल को लेकर नई बहस छिड़ गई है। गोरी नागौरी ने खींवसर से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए बेनीवाल को खुली चुनौती दी है। जानिए पूरे विवाद, वायरल बयान और सियासी समीकरण की पूरी खबर।

जयपुर। Nagaur Politics News: नागौर की राजनीति में इन दिनों एक नई बहस ने जोर पकड़ लिया है। बिग बॉस फेम डांसर गोरी नागौरी और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रमुख हनुमान बेनीवाल को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। गोरी नागौरी ने पहले खींवसर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी और हनुमान बेनीवाल को खुली चुनौती देते हुए कहा था कि उन्हें बच्ची समझने की गलती नहीं करनी चाहिए। हालांकि, हनुमान बेनीवाल के नाम से वायरल हो रहे कथित बयान को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। ऐसे में इस पूरे विवाद को लेकर किसी आधिकारिक प्रतिक्रिया या पुष्टि का इंतजार है।

कथित बयान के बाद बढ़ी सियासी चर्चा

सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि एक जनसभा के दौरान हनुमान बेनीवाल ने इशारों में कहा था कि उनके खिलाफ नाचने-गाने वाले लोगों को भी चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है। इसी कथित टिप्पणी के बाद गोरी नागौरी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे कलाकारों और महिलाओं के सम्मान से जोड़ दिया। गोरी नागौरी ने कहा कि डांस करना आसान नहीं होता और कलाकार अपनी मेहनत से पहचान बनाते हैं। उन्होंने साफ कहा कि अगर किसी को नाचने वालों से डर लगता है तो उसे राजनीति छोड़ देनी चाहिए।

यह खबर भी पढ़ें:-Bankipur By-Election : शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रशांत किशोर का किया समर्थन, बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल

“मैं बच्ची नहीं हूं”, गोरी नागौरी की खुली चुनौती

गोरी नागौरी पहले भी खींवसर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि वह सिर्फ डांस मंच तक सीमित नहीं रहना चाहतीं, बल्कि देशसेवा और राजनीति के जरिए भी अपनी अलग पहचान बनाना चाहती हैं। उन्होंने कहा था कि अगर बीजेपी उन्हें टिकट देती है तो वह चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। गोरी नागौरी ने हनुमान बेनीवाल को लेकर कहा कि वह उन्हें बच्ची कहते हैं, लेकिन वह बच्ची नहीं हैं और पूरी मजबूती से मुकाबला करेंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि हनुमान बेनीवाल नागौर के बड़े नेता जरूर हैं, लेकिन कोई भी नेता चुनाव हार सकता है। गोरी नागौरी ने चुनौती भरे अंदाज में कहा था कि चुनावी मैदान में आने के बाद पता चल जाएगा कि किसकी रैली में ज्यादा भीड़ जुटती है।

खींवसर सीट पर चुनाव लड़ने की जताई इच्छा

गोरी नागौरी ने खींवसर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा था कि अगर उन्हें बीजेपी से टिकट मिलता है तो वह नागौर की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहेंगी। साल 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी गोरी नागौरी ने नागौर से चुनाव लड़ने की बात कही थी। उस समय उन्हें टिकट नहीं मिला था, लेकिन अब फिर से उनके चुनाव लड़ने की इच्छा वाले बयान ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।

यह खबर भी पढ़ें:-इंडोनेशिया ने पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च सम्मान, अब तक मिल चुके हैं 35 अंतरराष्ट्रीय सम्मान

कौन हैं गोरी नागौरी?

गोरी नागौरी का असली नाम तस्लीमा है। वह नागौर के मेड़ता क्षेत्र से ताल्लुक रखती हैं और डांस की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। उन्हें राजस्थान की शकीरा के नाम से भी जाना जाता है। वह रियलिटी शो बिग बॉस का हिस्सा भी रह चुकी हैं। सोशल मीडिया पर गोरी नागौरी के डांस वीडियो और म्यूजिक एलबम काफी लोकप्रिय हैं। अब उनका राजनीति में आने का इरादा नागौर के सियासी समीकरणों को लेकर नई चर्चा पैदा कर रहा है।

क्या चुनावी मैदान में होगा गोरी नागौरी और हनुमान बेनीवाल का मुकाबला?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोरी नागौरी को किसी राजनीतिक दल से टिकट मिलेगा या नहीं और क्या वह वास्तव में खींवसर से चुनाव लड़ेंगी। वहीं हनुमान बेनीवाल की ओर से इस पूरे विवाद पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। लेकिन इतना तय है कि गोरी नागौरी के बयानों और चुनाव लड़ने की इच्छा ने नागौर की राजनीति में एक नया सियासी रंग जरूर भर दिया है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह बहस सोशल मीडिया तक सीमित रहती है या चुनावी मैदान तक पहुंचती है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image