Divyanka Tripathi Twin Babies : मुंबई। टीवी इंडस्ट्री के लोकप्रिय कपल दिव्यांका त्रिपाठी (Divyanka Tripathi) और विवेक दहिया (Vivek Dahiya) ने अपने जुड़वां बेटों के जन्म की खुशखबरी साझा की है। इस खास मौके पर दोनों ने सोशल मीडिया पर एक संयुक्त पोस्ट के जरिए फैंस के साथ अपनी खुशी बांटी और जिंदगी के इस नए अध्याय की शुरुआत को बेहद भावुक और यादगार बताया।
जुड़वां बेटों संग कपल ने जाहिर की खुशी
अपने जुड़वां बेटों के जन्म की खुशखबरी साझा करते हुए टीवी इंडस्ट्री के लोकप्रिय कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने बेहद भावुक अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की। कपल ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “हमने खुशी मांगी थी और भगवान ने कहा – ‘दोगुनी ले लो।’ हमें जुड़वां बेटों का आशीर्वाद मिला है।” इस खास घोषणा के साथ दोनों ने अपने जीवन के सबसे खूबसूरत पल को फैंस के साथ साझा किया।
पोस्ट के कैप्शन में विवेक और दिव्यांका ने लिखा, इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। ‘The Boys’ आ गए हैं और जिंदगी अब पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत लग रही है। मेरे करण-अर्जुन आ गए। हमारे परिवार को आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है, क्योंकि हम पेरेंटहुड के इस शानदार नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। कपल की इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस और टीवी सितारों ने सोशल मीडिया पर दोनों को ढेरों शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया।

शादी के 10 साल बाद मां बनीं दिव्यांका
शादी के करीब 10 साल बाद टीवी अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी मां बनी हैं। दिव्यांका और अभिनेता विवेक दहिया ने 8 जुलाई 2016 को शादी की थी और तब से यह जोड़ी टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिनी जाती है। दोनों की पहली मुलाकात लोकप्रिय टीवी शो ‘ये है मोहब्बतें’ के सेट पर हुई थी। वहीं से शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और बाद में दोनों ने शादी कर ली।
पिछले कई वर्षों में दिव्यांका और विवेक ने अपनी निजी जिंदगी को काफी हद तक लाइमलाइट से दूर रखा। यही वजह है कि जुड़वां बेटों के जन्म की खबर सामने आते ही फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई और सोशल मीडिया पर दोनों को लगातार बधाइयां मिल रही हैं।



