नई दिल्ली: पंजाबी सिंगर और बॉलीवुड अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे Cockroach Janta Party (CJP) के NEET प्रदर्शन से खुद को अलग कर लिया है। हाल ही में एक बातचीत के दौरान जब उनसे इस प्रदर्शन और उससे जुड़े विवाद पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे केवल एक कलाकार हैं और उन्हें राजनीतिक मुद्दों से दूर रखा जाए।
‘मैं आर्टिस्ट हूं, पॉलिटिशियन नहीं’
दिलजीत दोसांझ ने कहा, “मुझे इन सब चीजों से दूर रखिए। मैं एक आर्टिस्ट हूं, पॉलिटिशियन नहीं हूं। मेरा काम लोगों का मनोरंजन करना है। इस दुनिया में कभी भी सब कुछ परफेक्ट नहीं हो सकता।”उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कुछ ही घंटों में हजारों लोगों ने इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी और बहस शुरू हो गई।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली के जंतर-मंतर पर इन दिनों CJP (Cockroach Janta Party) के बैनर तले NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है। इसी बीच जब दिलजीत दोसांझ से इस आंदोलन को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने साफ कर दिया कि वे किसी भी राजनीतिक या आंदोलन से खुद को जोड़कर नहीं देखते।
सोशल मीडिया पर बंटी राय
दिलजीत के बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की राय दो हिस्सों में बंट गई। कई यूजर्स ने उनके इस फैसले का समर्थन करते हुए कहा कि एक कलाकार का काम मनोरंजन करना है और उसे हर राजनीतिक मुद्दे पर बोलने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाए कि जब पहले उन्होंने किसानों के आंदोलन और सामाजिक मुद्दों पर अपनी राय रखी थी, तो अब इस मामले में दूरी क्यों बना रहे हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर लगातार बहस जारी है।
यह पहली बार नहीं है जब दिलजीत दोसांझ ने खुद को राजनीति से अलग बताया हो। इससे पहले भी कई इंटरव्यू में वह कह चुके हैं कि उनका पूरा ध्यान अपने संगीत, फिल्मों और दर्शकों के मनोरंजन पर रहता है। उनका मानना है कि कलाकार का काम लोगों को जोड़ना है, किसी राजनीतिक बहस का हिस्सा बनना नहीं।दिलजीत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश में NEET और उससे जुड़े मुद्दों पर लगातार बहस चल रही है। ऐसे में उनके इस बयान ने सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत दोनों में नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस पूरे मामले पर और क्या प्रतिक्रियाएं सामने आती हैं।



