नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने के बाद करीब 27 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन अब पूरा हो गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि 5 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 3 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव दल ने लगातार अभियान चलाया। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए करीब 27 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
7 लोगों की मौत, 5 छात्र शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में बड़ी संख्या छात्रों की है। मृतकों में 5 छात्र शामिल हैं। मृतकों की पहचान निम्न रूप में हुई है:-
- अभिषेक (20 वर्ष) — सोनभद्र, उत्तर प्रदेश
- युवराज सोनी (20 वर्ष) — दुर्ग, छत्तीसगढ़
- पवन (17 वर्ष) — औरैया, उत्तर प्रदेश
- अर्पित जहाज (19 वर्ष) — देवास, मध्य प्रदेश
- अक्षत सिंह यादव (18 वर्ष) — कटनी, मध्य प्रदेश
- सुरिंदर सिंह (75 वर्ष) — मजदूर
एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
5 लोग घायल, 3 की हालत गंभीर
दिल्ली पुलिस के अनुसार हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में असगर अली (30), नीरज बावा (19), आदित्य कुमार (19), नितीश चिब (19) और मोहम्मद अयान (18) शामिल हैं। इनमें से तीन घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
27 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
इमारत गिरने के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया था। मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू टीमों ने काफी सावधानी के साथ अभियान चलाया। करीब 27 घंटे बाद बचाव अभियान पूरा कर लिया गया। हादसे में कई युवाओं की जान जाने से इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं।



