Saturday, October 31, 2026
HomeLatest NewsCuttack Violence: कटक में मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसा, कई इलाकों में...

Cuttack Violence: कटक में मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसा, कई इलाकों में कर्फ्यू , इंटरनेट सेवाएं भी बंद

ओडिशा के कटक में दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हिंसा भड़कने से स्थिति तनावपूर्ण है। 13 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू और इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद कर दी गई हैं। हिंसा की शुरुआत दरगाहबाजार इलाके में तेज संगीत बजाने पर हुई बहस से हुई, जो पथराव और झड़प में बदल गई।

Cuttack Violence: ओडिशा के कटक शहर में दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान हिंसा और उसके बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं एवं पुलिस के बीच हुई झड़पों को लेकर तनाव व्याप्त है. हिंसा के बाद कटक में निषेधाज्ञा लागू किया गया है और सोमवार को 12 घंटे का बंद जारी है. अधिकारियों के मुताबिक, कटक के 20 में से 13 थाना क्षेत्रों में रविवार रात निषेधाज्ञा जारी की गई थी. उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए रविवार शाम 7 बजे से 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं.

कैसे भड़की हिंसा ?

दरगाहबाजार इलाके में हाथी पोखरी के पास शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात स्थानीय लोगों ने विसर्जन में तेज संगीत बजाने पर आपत्ति जताई थी जिसके बाद झड़पें हुईं. बहस जल्द ही झड़प में बदल गई और पथराव के साथ ही कांच की बोतलें भी फेंकी गईं. झड़पों में खिलाड़ी ऋषिकेश दिनयानदेव सहित 6 लोग घायल हो गए.

VHP के बंद के दौरान मचा बवाल

पुलिस पर विसर्जन पर हमले को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए विहिप ने सोमवार को 12 घंटे के बंद का आह्वान किया. रविवार को बंद के समर्थन में विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई बाइक रैली को पुलिस ने उपद्रवग्रस्त इलाके में पहुंचने पर रोक दिया, जिसके कारण फिर से हिंसा भड़क उठी. 8 पुलिसकर्मियों सहित 25 लोग घायल हो गए. गौरीशंकर पार्क इलाके में कई दुकानों में कथित तौर पर आग लगा दी गई.

सुबह 6 बजे शुरू हुए बंद का मिला-जुला असर रहा. सरकारी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान खुले रहे लेकिन उपस्थिति कम रही. बाजार और पेट्रोल पंप खुले रहे और सड़कों पर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध था, हालांकि पाबंदियों के कारण यातायात सामान्य से कम रहा.

1800 जवानों के साथ CAPF तैनात

एसीपी नरसिंह भोल ने दावा किया कि सुबह से स्थिति सामान्य है. उन्होंने बताया कि कटक में राज्य पुलिस के 1,800 जवानों के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और ओडिशा स्विफ्ट एक्शन फोर्स के लगभग 800 जवान तैनात किए गए हैं. उन्होंने बताया कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त जारी है और कटक में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिए गए हैं.

बाहर से आने वाले लोगों की कटक में एंट्री बंद

एसपी ने बताया कि बाहर से आने वाले लोगों को कटक शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं है, सिवाय यहां काम करने वालों और एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों के. यात्री बसों को प्रवेश द्वारों पर ही रोक दिया जा रहा है. बाहर से आने वाले असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए शहर के सभी प्रवेश द्वारों को बंद कर दिया गया है.’

एडीजी (कानून व्यवस्था) संजय कुमार ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है और सभी एजेंसी को हाई अलर्ट पर रखा गया है. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में स्थिति पर नजर रख रहे हैं और कानून को अपने हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए हैं.

ये भी पढ़ें: Rajasthan Weather: नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के कई जिलों में बारिश, जानें 7 और 8 अक्टूबर को कैसा रहेगा मौसम

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image