Colombia Bus Blast: दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में शनिवार को एक भीषण विस्फोट ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. एक बस में हुए धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 अन्य घायल हो गए। सेना ने इसे आतंकी हमला करार दिया है. बता दें कि इस क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी हिंसा लगातार बढ़ रही है.
काउका क्षेत्र के गवर्नर ऑक्टावियो गुजमान ने बताया कि यह विस्फोट काउका क्षेत्र के काजिबियो नगर पालिका में पैन-अमेरिकन हाईवे पर हुई, जब बस वहां से गुजर रही थी. स्थानीय प्रशासन के अनुसार विस्फोट बेहद शक्तिशाली था, जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. काउका की स्वास्थ्य सचिव कैरोलिना कामार्गो ने बताया कि घायलों में पांच बच्चे भी शामिल हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है. घायलों की हालत को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है.
आतंकी हमले को किसने दिया अंजाम?
कोलंबिया सशस्त्र बलों के कमांडर जनरल ह्यूगो लोपेज ने इस घटना को आतंकी कृत्य बताया है. उन्होंने इसके लिए कुख्यात अपराधी Ivan Mordisco के गिरोह और जैमी मार्टिनेज गुट को जिम्मेदार ठहराया। ये दोनों गुट पूर्व Revolutionary Armed Forces of Colombia (FARC) के असंतुष्ट धड़े हैं, जिन्होंने 2016 के शांति समझौते को स्वीकार नहीं किया था.
राष्ट्रपति की कड़ी प्रतिक्रिया
देश के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाने वाले लोग आतंकवादी, फासीवादी और मादक पदार्थों के तस्कर हैं. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया. यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में हिंसा का दौर तेज हो गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 2 दिनों में इस क्षेत्र में कम से कम 26 हिंसक घटनाएं हो चुकी हैं.
ये भी पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर टेकऑफ के दौरान स्विस एयर की फ्लाइट के इंजन में लगी आग, 6 यात्री घायल



