Monday, November 16, 2026
HomeIndiaजयपुर में कालवाड़ रोड पर डिमार्केशन शुरू, 10 दिन बाद चलेगा जेडीए...

जयपुर में कालवाड़ रोड पर डिमार्केशन शुरू, 10 दिन बाद चलेगा जेडीए का बुलडोजर, 160 फीट चौड़ी होगी सड़क

जयपुर की कालवाड़ रोड पर जेडीए ने 160 फीट चौड़ी सड़क के लिए डिमार्केशन शुरू किया। व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन की मोहलत दी गई है, इसके बाद बुलडोजर कार्रवाई होगी।

जयपुर। राजधानी जयपुर में कालवाड़ रोड के सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से सड़क की निर्धारित चौड़ाई के आधार पर डिमार्केशन यानी सीमांकन की कार्रवाई शुरू कर दी गई। इस दौरान मौके पर जेडीए के अधिकारियों के साथ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पारीक सहित कई व्यापारी भी कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे।

जेडीए की योजना के अनुसार, कालवाड़ पुलिया से गोविंदपुरा तक सड़क को 160 फीट चौड़ा किया जाएगा। डिमार्केशन के बाद जेडीए ने व्यापारियों को अपने स्तर पर अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन की मोहलत दी है। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्राधिकरण की ओर से बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

यह खबर भी पढ़ें:-फांसी पर रोक का प्रस्ताव मंजूर, भारत ने क्यों किया विरोध? 133 देशों ने किया समर्थन

व्यापारियों के विरोध के बाद 200 से घटाकर 160 फीट हुई चौड़ाई

दरअसल, मास्टर प्लान में कालवाड़ रोड को 200 फीट चौड़ा करने का प्रावधान किया गया है। इसी आधार पर पहले सड़क का सीमांकन प्रस्तावित था। लेकिन इस दायरे में बड़ी संख्या में दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आने की आशंका के चलते व्यापारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था।

व्यापारियों ने जेडीए अधिकारियों के सामने सड़क की चौड़ाई 200 फीट के बजाय 160 फीट रखने की मांग उठाई थी। उनका कहना था कि सड़क चौड़ीकरण के कारण कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर असर पड़ सकता है।

बैठक में बनी थी 160 फीट सड़क पर सहमति

इस मामले को लेकर शुक्रवार शाम जेडीए अधिकारियों और व्यापारियों के बीच बैठक आयोजित हुई थी। बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए सड़क को 160 फीट चौड़ा करने की मांग की। बातचीत के बाद अधिकारियों ने इस मांग पर सहमति जताई।

इसके बाद सोमवार को जेडीए ने 160 फीट चौड़ाई के आधार पर डिमार्केशन की कार्रवाई शुरू कर दी। इससे पहले प्रस्तावित 200 फीट चौड़ाई को लेकर व्यापारियों में असमंजस और विरोध की स्थिति बनी हुई थी।

यह खबर भी पढ़ें:-बी.जे.एस. के राज्य स्तरीय अधिवेशन ‘सिद्धि’ का समापन, संगठन को मिली नई ऊर्जा

तीन चरणों में होगा कालवाड़ रोड का चौड़ीकरण

जेडीए की ओर से कालवाड़ रोड को चौड़ा करने की योजना तीन चरणों में पूरी की जाएगी।

  • पहला चरण: कालवाड़ पुलिया से गोविंदपुरा तक।
  • दूसरा चरण: गोविंदपुरा से हाथोज तक।
  • तीसरा चरण: हाथोज से कालवाड़ तक।

इस तरह चरणबद्ध तरीके से पूरी सड़क का चौड़ीकरण और विकास किया जाएगा।

व्यापारियों को अतिक्रमण हटाने के लिए 10 दिन का समय

डिमार्केशन की कार्रवाई के बाद जेडीए ने व्यापारियों को 10 दिन का समय दिया है। इस अवधि में व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के आगे निर्धारित सड़क सीमा में आने वाले अतिक्रमण को स्वयं हटा सकेंगे।

10 दिन की समयसीमा पूरी होने के बाद जेडीए की टीम बुलडोजर के जरिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी। ऐसे में कालवाड़ रोड के व्यापारियों के लिए आने वाले दिन अहम रहने वाले हैं। वहीं, सीमांकन शुरू होने के साथ ही सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ गई है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image