Monday, November 16, 2026
HomeIndiaबी.जे.एस. के राज्य स्तरीय अधिवेशन ‘सिद्धि’ का समापन, संगठन को मिली नई...

बी.जे.एस. के राज्य स्तरीय अधिवेशन ‘सिद्धि’ का समापन, संगठन को मिली नई ऊर्जा

श्रीगंगानगर में भारतीय जैन संघटना (BJS) राजस्थान के राज्य स्तरीय अधिवेशन ‘सिद्धि’ का समापन हुआ। गौतम बाफना मुख्य अतिथि रहे। राजेश जैन, आतिश लोढ़ा और एडवोकेट दीपक जैन को नई संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

श्रीगंगानगर। भारतीय जैन संघटना (बी.जे.एस.) राजस्थान के दो दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन ‘सिद्धि : प्रयास से परिणाम की यात्रा’ का रविवार को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। अधिवेशन के दूसरे दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में संगठनात्मक उपलब्धियों, सामाजिक प्रकल्पों, स्वास्थ्य एवं कल्याण तथा भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बी.जे.एस. के आगामी राष्ट्रीय अध्यक्ष गौतम बाफना विशेष रूप से कर्नाटक के हुबली से श्रीगंगानगर पहुंचे, जहां अधिवेशन में वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष श्रवण दुग्गड़, आगामी प्रदेशाध्यक्ष आतिश लोढ़ा, संभागीय अध्यक्ष नरेश जैन बांठिया सहित प्रदेश एवं संभाग के अनेक पदाधिकारी और सदस्यों ने उनका अभूतपूर्व स्वागत अभिनंदन किया।

अधिवेशन के दूसरे दिन की शुरुआत हेल्थ एंड वेलनेस सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इसके पश्चात ‘रिकैप एंड चैप्टर प्रेजेंटेशन’ सत्र में प्रथम दिवस की गतिविधियों की समीक्षा के साथ विभिन्न चैप्टरों ने अपने कार्यों एवं उपलब्धियों की प्रस्तुतियां दीं। ‘सात क्षेत्र, एक राजस्थान’ विषय के माध्यम से प्रदेशभर में संगठन के कार्यों और सामूहिक प्रयासों को साझा किया गया।

इसके बाद आयोजित ‘नेशनल विजन एंड सिद्धि सम्मान’ सत्र में आगामी राष्ट्रीय अध्यक्ष गौतम बाफना का संबोधन हुआ। इस दौरान मूल्यवर्धन प्रस्तुतिकरण, संगठन के राष्ट्रीय विजन एवं सामाजिक प्रकल्पों पर चर्चा की गई। इसी सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों को ‘सिद्धि शिखर अवॉर्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।

संगठन को मिली नई नेतृत्व जिम्मेदारियां

अधिवेशन के अंतिम चरण में संगठनात्मक नेतृत्व को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। जयपुर के आतिश लोढ़ा को आगामी प्रदेशाध्यक्ष, राजेश जैन को आगामी संभागीय अध्यक्ष तथा एडवोकेट दीपक जैन को आगामी श्रीगंगानगर अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष श्रवण दुग्गड़ एवं संभागीय अध्यक्ष नरेश जैन बांठिया सहित संगठन के पदाधिकारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उनका सम्मान किया।

सौरभ जैन का किया गया विशेष सम्मान

अधिवेशन के दौरान बी.जे.एस. के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ जैन को सामाजिक सेवा कार्यों एवं युवा चेतना जागरूकता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए ‘सिद्धि शिखर सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान को उनके सामाजिक प्रयासों एवं सेवा गतिविधियों के प्रति संगठन के प्रोत्साहन के रूप में देखा गया।

हिंदुमलकोट बॉर्डर का किया भ्रमण

अधिवेशन के समापन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों ने हिंदुमलकोट स्थित भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा का भ्रमण किया। यहां बीएसएफ के जवानों के साथ संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को सीमा सुरक्षा में तैनात जवानों के योगदान को नजदीक से जानने का अवसर मिला।

श्रीगंगानगर चैप्टर एवं बी.जे.एस. राजस्थान की प्रांतीय टीम के संयुक्त आयोजन में प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। ‘सिद्धि’ अधिवेशन ने संगठन की उपलब्धियों को साझा करने, नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपने और समाजसेवा के कार्यों को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image