अहमदाबाद: दक्षिण गुजरात, दमन और दादरा व नगर हवेली में मूसलाधार बारिश और भयंकर बाढ़ के बीच भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने देवदूत बनकर 170 लोगों की जान बचाई है। 22 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि से शुरू हुए इस अभियान में तटरक्षक बल ने बेहद खराब मौसम और तेज बहाव की चुनौतियों का सामना करते हुए कुल 11 रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए।
तटरक्षक बल ने सिलवासा के खानवेल से पांच लोगों और कदैय्या तटीय इलाके में नदी के किनारे फंसे तीन मछुराहों को बचाकर इस मुहिम की शुरुआत की। सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में से एक वेल्सपन औद्योगिक क्षेत्र में देखने को मिला, जहां पूरी तरह कट चुके इलाके से 23-24 जुलाई की रात 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इसके अलावा, एयरो फाइबर के पास पानी में फंसी बस से 7 लोगों, डोंगरी से 10 लोगों, वलसाद-पर्डी से हेलीकॉप्टर द्वारा 4 लोगों और रिलायंस इंडस्ट्रीज परिसर से 8 लोगों का रेस्क्यू किया गया।
तटरक्षक बल ने नवसारी के मेंदर गांव में बाढ़ के पानी में घिरे 33 लोगों को दो हेलीकॉप्टरों की मदद से एयरलिफ्ट किया। इस दौरान दिल का दौरा पड़ने से पीड़ित एक मरीज, नौ महीने की गर्भवती महिला और सांस लेने की तकलीफ झेल रही महिला को समय पर रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद तटरक्षक बल के जवानों ने अपने आदर्श वाक्य ‘वयम रक्षामः’ (हम रक्षा करते हैं) को चरितार्थ करते हुए लगातार राहत कार्य जारी रखा है। प्रशासन के साथ मिलकर टीम किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है।



