नई दिल्ली (प्रज्ञा पांडे )। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए दीपके ने इसे आंदोलन की सफलता बताया और कहा, “झुकती है दुनिया, बस झुकाने वाला चाहिए।”
जंतर-मंतर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान समर्थकों को संबोधित करते हुए दीपके ने दावा किया कि लंबे समय तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद सरकार को अपना फैसला बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि पहले लोग मानते थे कि मौजूदा सरकार में मंत्रियों के इस्तीफे की संभावना नहीं है, लेकिन लगातार 36 दिनों तक चले प्रदर्शन के बाद यह बदलाव देखने को मिला। दीपके ने कहा, “जब मैं अमेरिका से निकला था, तब लोग सवाल पूछते थे कि क्या बदलाव होगा। हर दिन मुझसे कहा जाता था कि इस्तीफा नहीं होगा, लेकिन क्रांति हो गई।”
इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने जश्न मनाया। कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर इस फैसले को “लोकतंत्र की जीत” बताया। इस बीच सामने आए एक वीडियो में अभिजीत दीपके हाथ में कैनुला लगे होने के बावजूद समर्थकों से फोन पर बातचीत करते और खुशी जाहिर करते दिखाई दिए। उन्होंने मंच से समर्थकों को संबोधित करते हुए आंदोलन को युवाओं की एकजुटता का परिणाम बताया।



