जयपुर। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज जयपुर पहुंचे। जयपुर एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान रेल मंत्री ने संविधान, अग्निवीर भर्ती और श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए संदिग्ध ब्लास्ट को लेकर अपनी बात रखी। श्रीगंगानगर की घटना पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है। जो भी साजिश होगी, उसे बेनकाब करेंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट पर क्या बोले अश्विनी वैष्णव?
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट की जांच की जा रही है। रेलवे और राज्य प्रशासन के अधिकारी मिलकर मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना के पीछे जो भी साजिश होगी, उसे सामने लाया जाएगा और जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी चर्चा हुई है। शुरुआती सबूत जुटाने के बाद आगे की जांच को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
संविधान और लोकतंत्र पर भी दिया बयान
जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान अश्विनी वैष्णव ने संविधान और लोकतंत्र को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करना हमारा धर्म है। आज हम जनता के सामने आए हैं और संविधान की हत्या करने वालों को बेनकाब करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सदन सबसे बड़ा मंदिर है। साथ ही NDA पर जनता के भरोसे की बात भी कही।
अग्निवीर भर्ती पर क्या बोले रेल मंत्री?
अग्निवीर भर्ती को लेकर पूछे गए सवाल पर अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अग्निवीर भर्ती एक नवीन प्रयोग था। सरकार ने इस भर्ती को लेकर अच्छा फैसला लिया है।
3 नवंबर को श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुआ था संदिग्ध ब्लास्ट
आपको बता दें कि 3 नवंबर की रात राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल सेक्शन पर रामसिंहपुर और विजयनगर के बीच रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध ब्लास्ट की घटना सामने आई थी। यह घटना 50 जीबी गांव के पास हुई थी। जानकारी के अनुसार, अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जा रही पैसेंजर ट्रेन के घटनास्थल से गुजरने के करीब 45 मिनट बाद धमाका हुआ। घटना में रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो कंक्रीट स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव सहित पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
ATS, BDS और अन्य एजेंसियां कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, एटीएस, बम निरोधक दस्ते और अन्य जांच एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। रेलवे ट्रैक को नुकसान पहुंचने के कारण सूरतगढ़-अनूपगढ़ रेल सेक्शन पर यातायात प्रभावित हुआ था। सुरक्षा जांच और रेलवे सेफ्टी क्लीयरेंस के बाद ट्रेनों का संचालन बहाल किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मरम्मत और सुरक्षा जांच के बाद रेल यातायात सुचारू कर दिया गया। फिलहाल जांच एजेंसियां घटना के कारणों और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाने में जुटी हैं।



