Tuesday, October 20, 2026
HomeLatest Newsबिलाड़ा में RSS का भव्य पथ संचलन, प्रवीण जैन ने दिया राष्ट्रसेवा...

बिलाड़ा में RSS का भव्य पथ संचलन, प्रवीण जैन ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश

राजस्थान के बिलाड़ा में RSS के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने भव्य पथ संचलन किया। कस्बे में जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। मुख्य वक्ता प्रवीण जैन ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया।

बिलाड़ा, जोधपुर। राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने रविवार को कस्बे के प्रमुख मार्गों से पथ संचलन किया। पारंपरिक गणवेश में कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते स्वयंसेवकों का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कस्बे के प्रमुख मार्गों पर स्वागत द्वार सजाए गए और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंज उठा। स्वयंसेवकों पर बरसाए गए लाल-पीले फूलों से सड़कें पंखुड़ियों से पट गईं।मोतीसिंह स्टेडियम में सुबह से ही स्वयंसेवकों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया। निर्धारित समय पर मुख्य शिक्षक की सीटी के साथ स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण हुआ। मंच पर उपस्थित आईमाता मंदिर के मुख्य पुजारी तथा संघ के प्रांत प्रौढ़ कार्य प्रमुख प्रवीण जैन ने सजाए गए अस्त्र-शस्त्र आदि का पूजन किया। इसके बाद घोष की धुन और बिगुल के बीच भगवा ध्वज फहराया गया। स्वयंसेवकों ने सामूहिक ध्वज प्रणाम कर संघ की प्रार्थना की। इस दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रकार के शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन भी किया।

भारत हिंदू राष्ट्र था, है और रहेगा: प्रवीण जैन

मुख्य वक्ता प्रवीण जैन ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की हिंदू राष्ट्र की पहचान को लेकर किसी को संशय नहीं होना चाहिए। उन्होंने वैदिक और पौराणिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र था, है और रहेगा। उनके अनुसार, अंग्रेजों और विदेशी आक्रांताओं के दौर की कठिनाइयों के बावजूद भारतीय संस्कृति और हिंदू समाज की परंपराएं कायम रही हैं। जैन ने कहा कि राष्ट्र और संस्कृति की सुरक्षा के लिए सभी को सजग एवं सतर्क रहना होगा। उन्होंने देश में छद्म नामों से संगठन संचालित कर अस्थिरता पैदा करने की कोशिशों का आरोप लगाते हुए कहा कि आने वाला समय चुनौतियों भरा हो सकता है, जिनका सामना करने के लिए समाज को तैयार रहना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों का भी उल्लेख किया।

कस्बेवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

स्टेडियम से घोष की धुन के साथ स्वयंसेवकों की टोलियां पथ संचलन के लिए रवाना हुईं। कस्बे के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए थे। मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ स्वयंसेवकों का स्वागत किया। विधायक अर्जुनलाल गर्ग, नगरपालिका अध्यक्ष महेंद्र पालावत, शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विभिन्न संगठनों तथा गणमान्य नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान सड़कों पर फूलों की पंखुड़ियां बिछ गईं और पूरा मार्ग लाल-पीला नजर आने लगा। पथ संचलन सोजती गेट, नई सड़क, राम चौराहा, सुभाष मार्ग, अहिंसा सर्किल, इंद्रा कॉलोनी, मोती चौक, चारभुजा मंदिर, बडेर चौक, नाथद्वारा और अंबेडकर सर्किल सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मोतीसिंह स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुआ।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image