जयपुर। नगर निकाय चुनाव के बीच बीकानेर कांग्रेस में हुए विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सख्त कार्रवाई की है। पार्टी ने पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तूनवाल की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। पार्टी के अनुसार, वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस प्रत्याशी के कार्यालय उद्घाटन के दौरान मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया था।
जिलाध्यक्ष से मारपीट को पार्टी ने माना गंभीर अनुशासनहीनता
कांग्रेस प्रदेश कमेटी ने जिलाध्यक्ष के साथ इस तरह के व्यवहार को गंभीर अनुशासनहीनता माना है। शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया। पार्टी के इस फैसले के बाद बीकानेर कांग्रेस में राजनीतिक और संगठनात्मक हलचल तेज हो गई है।
पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
मदन गोपाल मेघवाल की रिपोर्ट पर जेएनवीसी थाने में मोहित अरोड़ा और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी वाल्मीकि, सोनू खोखर, अरुण वाल्मीकि और मोहम्मद आजाद के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के विवाद के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
महज 5 सेकेंड में 17 थप्पड़ मारने का दावा
घटना बुधवार को वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस प्रत्याशी नवरतन डागा के कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान हुई। आरोप है कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के दौरान मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें कुछ युवक मेघवाल के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। मेघवाल की ओर से दावा किया गया है कि पांच से सात युवकों ने करीब 5 सेकेंड में उन्हें 17 थप्पड़ मारे। घटना के दौरान कथित तौर पर ‘टिकट चोर’ के नारे भी लगाए गए। मारपीट के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री बी.डी. कल्ला भी मौके पर पहुंचे।
टिकट के दावेदार पर भी लगाया आरोप
मदन गोपाल मेघवाल ने आरोप लगाया कि पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा के बेटे मोहित अरोड़ा ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की शुरुआत की। मेघवाल के मुताबिक, आरोपी युवक ने उन्हें ‘अंकल’ कहकर एक तरफ बुलाया और इसके बाद मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया गया। मेघवाल के अनुसार, आरोपी युवक वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस टिकट का दावेदार था। हालांकि, एक दिन पहले उसने पार्टी प्रत्याशी को समर्थन देने की बात कही थी।
सिंबल को लेकर पहले से चल रहा था विवाद
बीकानेर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के टिकट और सिंबल को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से आरोप लगाए जा रहे हैं कि प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी द्वारा तय किए गए प्रत्याशियों और सिंबल को लेकर बाद में बदलाव किया गया। इसी विवाद के बीच वार्ड नंबर 50 में हुई मारपीट की घटना ने पार्टी के अंदर चल रही नाराजगी को सामने ला दिया।
चुनावी माहौल में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका
नगर निकाय चुनाव से ठीक पहले शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष के साथ मारपीट और उसके बाद पार्टी की ओर से पिता-पुत्र को 6 साल के लिए निलंबित किए जाने से बीकानेर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति गरमा गई है। एक तरफ पुलिस मामले की जांच कर रही है, वहीं दूसरी ओर पार्टी नेतृत्व ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त संदेश देने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई का बीकानेर नगर निगम चुनाव और कांग्रेस के भीतर चल रहे टिकट-सिंबल विवाद पर क्या असर पड़ता है।



