Jal Jeevan Mission 2.0 : जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) द्वारा जल जीवन मिशन (जेजेएम) 2.0 को लेकर दिए गए निर्देशों के बाद राज्य सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। मिशन के कार्यों में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के तहत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, पेयजल परियोजनाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन विस्तार की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को सुचारु और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिशन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला कलेक्टरों को फील्ड मॉनिटरिंग बढ़ाने, कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और लंबित परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी जोर दिया गया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है और इसके लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। अधिकारियों को नियमित समीक्षा और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।
एमआईएस अपडेट एवं “हर घर जल” प्रमाणन पर विशेष जोर
बैठक में निर्देश दिए गए कि मिशन के अंतर्गत जिन परियोजनाओं का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है, उन्हें एमआईएस पोर्टल पर फाइनेंशियल क्लोज किया जाए। साथ ही जल सेवा आकलन की प्रक्रिया में तेजी लाने, “हर घर जल” सर्टिफिकेशन की प्रगति बढ़ाने तथा “जल अर्पण” जैसी जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीडब्ल्यूएसएम बैठकों एवं “नल जल मित्र” प्रशिक्षण पर फोकस
मुख्य सचिव ने जिला जल एवं स्वच्छता मिशन (DWSM) की बैठकें प्रतिमाह गुणवत्तापूर्ण तरीके से आयोजित करने तथा जिला टेक्निकल यूनिट के अनुमोदन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायती राज विभाग के सहयोग से “नल जल मित्र” का चयन कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जलदाय विभाग के प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा, जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर राजन विशाल, मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) राज सिंह चौधरी, मुख्य अभियंता जेजेएम भवानी सिंह शेखावत सहित संबंधित अधिकारी एवं अभियंतागण उपस्थित रहे।



