BCCI IPL New Rules : नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के बीच भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) ने सभी 10 फ्रेंचाइजी को कड़े निर्देश जारी करते हुए अनुशासन, सुरक्षा और प्रोटोकॉल पालन को लेकर सख्त संदेश दिया है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया (Devajit Saikia) द्वारा भेजे गए आठ पन्नों के इस पत्र में खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और टीम मालिकों से जुड़े कई गंभीर उल्लंघनों पर चिंता जताई गई है। बीसीसीआई की भ्रष्टाचार रोधी एवं सुरक्षा इकाई (ACSU) की रिपोर्ट के बाद जारी इस एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि अगर इन घटनाओं पर तुरंत रोक नहीं लगी तो इससे आईपीएल, फ्रेंचाइजी और खुद बीसीसीआई की साख को भारी नुकसान पहुंच सकता है।
होटल रूम में मेहमान बुलाने पर सख्त रोक
बीसीसीआई ने सबसे बड़ी चिंता खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के होटल कमरों में “अनधिकृत व्यक्तियों” की एंट्री को बताया है। बोर्ड के मुताबिक कई मामलों में टीम मैनेजर की जानकारी के बिना बाहरी लोगों को खिलाड़ियों के कमरों में आने दिया गया।

अब नए नियमों के तहत:
टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति को होटल रूम में एंट्री नहीं मिलेगी।
मेहमानों से मुलाकात केवल होटल लॉबी या रिसेप्शन एरिया में ही होगी।
निजी कमरों में किसी भी आगंतुक को ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
‘हनी ट्रैप’ और यौन शोषण को लेकर BCCI अलर्ट
बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजी को “हनी ट्रैप” और लक्षित यौन शोषण जैसे खतरों को लेकर भी सतर्क किया है। बोर्ड ने कहा कि खिलाड़ियों और टीम सदस्यों को भावनात्मक या यौन प्रलोभन के जरिए ब्लैकमेल या जासूसी का शिकार बनाया जा सकता है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि ऐसी घटनाएं भारतीय कानूनों के तहत गंभीर कानूनी मामलों में बदल सकती हैं। इसलिए सभी फ्रेंचाइजी को हर समय सतर्क और सक्रिय रहने को कहा गया है।
टीम मालिकों पर भी सख्त नियम लागू
बीसीसीआई ने कुछ फ्रेंचाइजी मालिकों के व्यवहार पर भी नाराजगी जताई है। बोर्ड के मुताबिक कई बार मालिक मैच के दौरान खिलाड़ियों के पास पहुंचते हैं, उनसे बातचीत करते हैं या मैदान पर शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश करते हैं, जो पीएमओए प्रोटोकॉल का उल्लंघन है।
नए निर्देशों के मुताबिक:
मैच के दौरान मालिकों को डगआउट, ड्रेसिंग रूम और मैदान में खिलाड़ियों से संपर्क करने की अनुमति नहीं होगी।
किसी भी तरह का प्रोटोकॉल उल्लंघन गंभीर माना जाएगा।
फ्रेंचाइजी प्रबंधन को मैच से पहले सभी मालिकों और प्रतिनिधियों को नियमों की जानकारी देना जरूरी होगा।

रियान पराग की वेपिंग घटना के बाद बड़ा फैसला
रियान पराग की ड्रेसिंग रूम में कथित वेपिंग (ई-सिगरेट सेवन) की घटना के बाद बीसीसीआई ने इस मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाया है। हालांकि पत्र में खिलाड़ी का नाम नहीं लिया गया, लेकिन बोर्ड ने साफ किया कि ई-सिगरेट भारतीय कानून के तहत प्रतिबंधित है।
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया:
ड्रेसिंग रूम, डगआउट, टीम होटल और प्रैक्टिस एरिया में वेपिंग पूरी तरह बैन रहेगी।
ई-सिगरेट या किसी भी प्रतिबंधित पदार्थ का इस्तेमाल नियम और कानून दोनों का उल्लंघन माना जाएगा।
BCCI का साफ संदेश
बीसीसीआई ने सभी फ्रेंचाइजी को चेतावनी दी है कि आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट में अनुशासन और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बोर्ड चाहता है कि खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और टीम मालिक सभी तय प्रोटोकॉल का पूरी सख्ती से पालन करें, ताकि टूर्नामेंट की छवि और विश्वसनीयता बनी रहे।



