जापान: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने महिला कबड्डी में ईरान को 37-34 से हराकर अपना तीसरा गोल्ड मेडल जीत लिया है। इसके साथ ही भारतीय महिला कबड्डी टीम ने लगातार 5वें एशियन गेम्स में मेडल अपने नाम किया है।महिला कबड्डी के फाइनल में भारत और ईरान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारतीय टीम ने आखिरकार 37-34 से जीत दर्ज कर गोल्ड अपने नाम किया। अब पुरुष कबड्डी टीम का फाइनल भी ईरान के खिलाफ होना है।
अनाहत सिंह ने रचा इतिहास
वहीं स्क्वॉश में 18 साल की अनाहत सिंह ने इतिहास रच दिया है। वह एशियन गेम्स के विमेंस सिंगल्स फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं।इसके अलावा अभय सिंह ने मेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के मोहम्मद इरफान को हराकर अगले दौर में जगह बनाई है।
मैराथन में 44 साल बाद मेडल
भारत के लिए एथलेटिक्स में भी बड़ी उपलब्धि रही। सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ रेस पूरी की।खास बात यह है कि भारत को पुरुष मैराथन में 44 साल बाद एशियन गेम्स मेडल मिला है। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में भारत ने इस इवेंट में ब्रॉन्ज जीता था।
शूटिंग में भी सिल्वर
शूटिंग में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम इवेंट में भारत को सिल्वर मेडल मिला। आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद की टीम दूसरे स्थान पर रही।इस सिल्वर के साथ एशियन गेम्स के इस एडिशन में शूटिंग में भारत के कुल 11 मेडल हो गए हैं।महिला कबड्डी के गोल्ड के बाद भारत की कुल मेडल संख्या 27 हो गई है। इनमें 3 गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत फिलहाल मेडल टैली में 12वें स्थान पर है।



