Wednesday, September 9, 2026
Homechunavi halchalजयपुर की 18 निकायों में वोटिंग के बीच EVM में गड़बड़ी, कहीं...

जयपुर की 18 निकायों में वोटिंग के बीच EVM में गड़बड़ी, कहीं बटन खराब तो कहीं चुनाव चिन्ह नहीं दिखा

राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में जयपुर जिले की 18 निकायों में मतदान के दौरान कुछ बूथों पर EVM की तकनीकी खराबी सामने आई। शाहपुरा में EVM का बटन खराब होने से करीब 25 मिनट मतदान प्रभावित रहा, जबकि चाकसू में चुनाव चिन्ह स्पष्ट नहीं दिखने और कानोता में मशीन खराब होने की शिकायत के बाद मतदान प्रक्रिया रोकी गई। प्रशासन ने तकनीकी टीम और वैकल्पिक मशीन की मदद से मतदान दोबारा शुरू कराया।

जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। जयपुर जिले की 18 नगरीय निकायों में भी मतदाता अपने वार्ड के प्रतिनिधि को चुनने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इस बीच कुछ जगहों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी की शिकायत सामने आने से मतदान प्रक्रिया थोड़ी देर के लिए प्रभावित हुई।

जयपुर जिले की इन 18 निकायों में मतदान के लिए कुल 565 बूथ बनाए गए हैं। इनमें 152 मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। प्रशासन की ओर से इन केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है।

शाहपुरा में EVM का बटन हुआ खराब

शाहपुरा नगर परिषद के वार्ड नंबर 40 स्थित बूथ संख्या 49 पर मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ईवीएम का एक बटन काम नहीं कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं ने विरोध जताया। प्रशासन ने तकनीकी टीम को मौके पर भेजा और मशीन की जांच कराई। करीब 25 मिनट तक मतदान प्रभावित रहा। मशीन ठीक होने के बाद लगभग 8:25 बजे दोबारा वोटिंग शुरू कराई गई।

चाकसू में चुनाव चिन्ह को लेकर हंगामा

चाकसू नगर पालिका के एक मतदान केंद्र पर ईवीएम में निर्दलीय प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह स्पष्ट दिखाई नहीं देने की शिकायत सामने आई। इसके बाद प्रत्याशी और उसके समर्थकों ने विरोध जताया। कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा, जिसके बाद प्रशासन ने स्थिति संभाली।

कानोता में बदली गई मशीन

कानोता नगर पालिका के वार्ड 19 स्थित बूथ पर भी ईवीएम में तकनीकी समस्या सामने आई। शुरुआत में मतदान कुछ समय के लिए रोका गया। बाद में प्रशासन ने दूसरी मशीन की व्यवस्था की और मतदान फिर शुरू कराया।

शुरुआती घंटों में अच्छा मतदान

जयपुर की कई निकायों में सुबह के शुरुआती घंटों में मतदाताओं में उत्साह नजर आया। पहले तीन घंटे में कानोता में 39.56 प्रतिशत, दूदू में 33.61 प्रतिशत, वाटिका में 31.57 प्रतिशत, मनोहरपुर में 28.26 प्रतिशत और चौमूं में 24.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

जयपुर में पहले चरण में चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के अलावा मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, नारायणा, किशनगढ़-रेनवाल, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू और कालाडेरा नगरपालिकाओं में मतदान हो रहा है। प्रदेश में पहले चरण के तहत कुल 162 नगरीय निकायों में वोट डाले जा रहे हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image