मुंबई(प्रज्ञा पांडे)। फिल्म ‘धुरंधर’ में नजर आईं एक्ट्रेस आयशा खान ने दावा किया है कि उन्हें मुंबई पुलिस ने उस वक्त हिरासत में ले लिया, जब वह सिर्फ सड़क पर खड़ी थीं। आयशा का कहना है कि उन्होंने न कोई नारेबाजी की, न किसी प्रदर्शन का हिस्सा थीं और न ही कोई ऐसा काम किया जिससे ट्रैफिक या व्यवस्था प्रभावित हो। आयशा ने इस पूरी घटना के कई वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए हैं। वीडियो में वह पुलिस वैन के अंदर दिखाई दे रही हैं और काफी परेशान नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इस दौरान उनके हाथ कांप रहे थे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि उन्हें किस वजह से हिरासत में लिया गया। आयशा के मुताबिक, पुलिस ने पहले उनके भाई और कुछ दोस्तों को हिरासत में लिया था। इसके बाद वह सिर्फ सड़क पर खड़ी थीं। उनका कहना है कि वह किसी भी भीड़ का हिस्सा नहीं थीं और उन्होंने किसी तरह की नारेबाजी या विरोध प्रदर्शन नहीं किया। वीडियो में आयशा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब उन्होंने कोई हंगामा नहीं किया और किसी से बहस भी नहीं की, तो उन्हें किस आधार पर पुलिस वैन में बैठाया गया।
आयशा ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें चार महिला पुलिसकर्मी उन्हें पुलिस वैन की ओर ले जाती नजर आ रही हैं। इस वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि उन्हें अंदर ले जाने के लिए चार महिला पुलिसकर्मियों की जरूरत पड़ी, लेकिन उनका सवाल अभी भी वही है- आखिर उन्हें क्यों पकड़ा गया? एक्ट्रेस ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूछा कि उन्हें कहां ले जाया जा रहा है, तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। आयशा ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि उन पर ट्रैफिक बाधित करने का आरोप नहीं लगाया जा सकता, क्योंकि वह किसी बड़े समूह का हिस्सा नहीं थीं। उनका दावा है कि वह सिर्फ अपने भाई और दोस्तों की हिरासत के बाद वहां खड़ी थीं। आयशा द्वारा शेयर किए गए वीडियो में पुलिस वैन के अंदर कुछ छात्र भी दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक छात्र ने कहा कि उसे बिना किसी वजह के पकड़ा गया है। छात्र ने चिंता जताई कि उसका मैथ्स का प्रैक्टिकल एग्जाम छूट सकता है, जिससे उसकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
आयशा ने इन वीडियो के जरिए छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। आयशा के वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स ने एक्ट्रेस का समर्थन करते हुए पुलिस से जवाब मांगा, जबकि कुछ लोगों ने कहा कि मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी। आयशा खान हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘धुरंधर’ के एक सॉन्ग में नजर आई थीं। इससे पहले वह रियलिटी शो और म्यूजिक वीडियोज में भी काम कर चुकी हैं। फिल्म के बाद उनकी पहचान एक बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंची। फिलहाल, इस पूरे मामले पर मुंबई पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए आयशा खान द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि हिरासत की असली वजह क्या थी और उस समय क्या कार्रवाई की गई थी।



