Monday, June 29, 2026
HomeLatest Newsपाकिस्तान के हवाई हमलों से अफगानिस्तान दहला, 36 नागरिकों की मौत, 160...

पाकिस्तान के हवाई हमलों से अफगानिस्तान दहला, 36 नागरिकों की मौत, 160 से ज्यादा घायल

पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों में 36 नागरिकों की मौत और 160 से अधिक लोग घायल हुए। पाकिस्तान ने 29 आतंकवादियों के मारे जाने का दावा किया, जबकि तालिबान सरकार ने हमलों को बर्बर बताते हुए नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।

Pakistan Air Strike : काबुल। पाकिस्तानी सेना की ओर से रविवार रात किए गए हवाई हमलों में कम से कम 36 नागरिकों की मौत हो गई और 160 से अधिक लोग घायल हो गए। अफगानिस्तान के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रविवार देर रात अफगानिस्तान सीमा पर जमीनी कार्रवाई की और आतंकवादियों के ठिकानों पर हमले किए, जिनमें 29 आतंकवादी मारे गए।

अफगानिस्तान ने की पाकिस्तानी हमलों की निंदा

पाकिस्तान का कहना है कि यह कार्रवाई देश में हाल में हुए आतंकी हमलों के जवाब में की गई। वहीं अफगानिस्तान ने इन हमलों की कड़ी निंदा की और इन्हें कायरतापूर्ण आक्रामकता और बर्बरता का कृत्य बताया। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने पक्तिया प्रांत के चमकनी जिले में एक घर को निशाना बनाया, जिसमें एक बुजुर्ग और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि जब ग्रामीण घायलों को बचाने के लिए वहां पहुंचे तो उसी क्षेत्र पर दोबारा हमला किया गया, जिसमें 28 ग्रामीणों की मौत हो गई और 158 लोग घायल हो गए।

फितरत के अनुसार, पक्तिका प्रांत के गियान जिले के एक गांव में एक अन्य घर पर किए गए हमले में छह लोगों की मौत हो गई। इनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे। उन्होंने यह भी बताया कि कुनार प्रांत में एक आम आदमी के घर पर भी हमला हुआ। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन करीब 30 पशु मारे गए। हाल के वर्षों में पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों पर आतंकी हमलों में काफी वृद्धि हुई है। पाकिस्तान इन हमलों के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और उससे जुड़े अन्य आतंकी संगठनों को जिम्मेदार ठहराता है।

पाकिस्तान की यह सैन्य कार्रवाई कराची में पाकिस्तान रेंजर्स के क्षेत्रीय मुख्यालय पर हुए आतंकी हमले के बाद हुई। इस हमले में तीन सैनिक मारे गए थे। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने तीन हमलावरों को मार गिराया जबकि एक घायल हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसकी पहचान अफगान नागरिक के रूप में की गई है। इस हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है, जो टीटीपी से अलग हुआ गुट है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image