Saturday, October 31, 2026
HomeLatest NewsLos Angeles Wildfire: अब तक नहीं बुझी लॉस एंजिलिस के जंगल की...

Los Angeles Wildfire: अब तक नहीं बुझी लॉस एंजिलिस के जंगल की आग, अब तक 24 लोगों की मौत, कई लापता, इस बीच तूफानी हवाओं की चेतावनी ने बढ़ाई चिंता

लॉस एंजिलिस (अमेरिका) । अमेरिका के पश्चिमी तटीय लॉस एंजिलिस क्षेत्र में जंगल में लगी आग में मरने वालों की संख्या 24 हो गई और हजारों घर तबाह हो गए हैं. मौसम विज्ञानियों ने इस सप्ताह हवाओं के और तेज होने के पूर्वानुमान जताया है जिसके मद्देनजर अग्निशमन दल ने आग बुझाने की कवायद तेज कर दी है. लॉस एंजिलिस काउंटी के अग्निशमन प्रमुख एंथनी सी मारोन ने कहा कि आग बुझाने की कवायद में तेजी लाने के लिए पानी के 70 अतिरिक्त ट्रक पहुंचे हैं. अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 16 लोग लापता हैं और यह संख्या बढ़ सकती है.

113 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

राष्ट्रीय मौसम सेवा ने बुधवार तक भीषण आग की स्थिति के लिए उच्च श्रेणी की चेतावनी जारी की है. राष्ट्रीय मौसम सेवा ने क्षेत्र में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है और पर्वतीय क्षेत्रों में हवा की गति 113 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है. मौसम विज्ञानी रिच थॉम्पसन ने कहा कि मंगलवार को आग के और प्रचंड होने की आशंका रहेगी.

आग में कई लोग लापता

लॉस एंजिलिस काउंटी के शेरिफ रॉबर्ट लूना ने कहा कि ईटॉन क्षेत्र में आग लगने की घटना में 12 लोगों के लापता होने की सूचना है और पैलिसेड्स से चार लोग लापता हैं. लूना ने कहा कि रविवार सुबह कई और लोगों के लापता होने की सूचना मिलने की आशंका है और अधिकारी यह पता लगा रहे हैं कि जिन लोगों की अब तक मौत हो चुकी है उनमें से ऐसे लोग कितने हैं जिनके लापता होने की सूचना दर्ज की गई है.

मरने वालों की संख्या 24 पहुंची

इस बीच, आग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है. लॉस एंजिलिस काउंटी कोरोनर के कार्यालय ने रविवार शाम एक बयान में कहा कि पैलिसेड्स क्षेत्र में आग के कारण 8 लोगों की जान चली गई जबकि ईटॉन क्षेत्र में आग के कारण 16 लोगों की मौत हो गई है. अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है. उन्होंने एक केंद्र स्थापित किया है जहां लापता लोगों की सूचना दर्ज कराई जा सकती है.

ईटन कैन्यन नेचर एरिया भी तबाह

इस आग के कारण ईटॉन क्षेत्र का 190 एकड़ का संरक्षित क्षेत्र ‘ईटन कैन्यन नेचर एरिया’ भी तबाह हो गया है जो कई परिवारों और उनके बच्चों के लिए चढ़ाई, खेल-कूद, पैदल यात्रा और तैराकी के लिए विशेष स्थल हुआ करता था. कई अभिभावक के लिए जंगल की आग सिर्फ जान-माल और हजारों घरों के नुकसान की वजह से ही विनाशकारी नहीं है। महामारी के बाद के वर्षों में अभिभावकों के लिए यह क्षेत्र प्राकृतिक और शैक्षणिक स्थल बन गया जहां वे प्रकृति के बीच रहकर कुछ न कुछ सीखते थे.

कई फिल्मों से जुड़े प्रोजेक्ट भी प्रभावित

वहीं, सप्ताहांत में हवाओं के कमजोर पड़ने और अग्निशमन विभाग के तेज प्रयासों से लॉस एंजिलिस और उसके आसपास लगी आग पर काबू पाने में मदद मिली है, लेकिन मनोरंजन जगत पर आग का प्रभाव कम नहीं हुआ है. कई फिल्मों की शूटिंग से जुड़े प्रोजेक्ट प्रभावित हुए हैं और ‘प्रोड्यूसर्स गिल्ड’ ने आग के कारण रविवार को अपने पुरस्कार के लिए नामांकन की घोषणा को स्थगित कर दिया. इसी तरह के कई अन्य पुरस्कार समारोह भी प्रभावित हुए हैं.

इस खबर को भी पढ़ें: Champions Trophy के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का ऐलान, चोट के बावजूद सेलेक्टर्स ने इस खिलाड़ी को बनाया कप्तान

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image