नई दिल्ली। स्कोडा इंडिया ने अपनी प्रीमियम सेडान स्लाविया फेसलिफ्ट को भारत में रिवील कर दिया है। नए मॉडल में डिजाइन को अपडेट करने के साथ कई एडवांस्ड फीचर्स जोड़े गए हैं। कार में सेगमेंट-फर्स्ट रियर मसाज सीट्स, 360-डिग्री कैमरा और AI वॉइस असिस्टेंट जैसे फीचर्स मिलेंगे। कंपनी ने अभी कीमतों का ऐलान नहीं किया है। इसकी कीमत सितंबर की शुरुआत में सामने आने की उम्मीद है।
₹11 लाख से ₹18 लाख के बीच हो सकती है कीमत
नई स्लाविया फेसलिफ्ट को 6 वैरिएंट्स- क्लासिक, क्लासिक प्लस, सिग्नेचर, स्पोर्टलाइन, प्रेस्टीज और मोंटे कार्लो में पेश किया जाएगा। कंपनी ने इसकी बुकिंग शुरू कर दी है। अनुमान है कि इसकी एक्स-शोरूम कीमत करीब ₹11 लाख से ₹18 लाख के बीच हो सकती है।
एक्सटीरियर में क्या बदला?
फेसलिफ्ट मॉडल में फ्रंट प्रोफाइल को नया लुक दिया गया है। इसमें मल्टी-सेक्शन LED DRLs, अपडेटेड बंपर, नए टेक्सचर्ड एयर डैम, LED फॉग लैंप्स और फॉक्स कार्बन-फाइबर ट्रिम मिलता है।साइड प्रोफाइल में बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं, लेकिन नए 16-इंच डायमंड-कट अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। रियर में नए LED टेललैंप्स और सीक्वेंशियल इंडिकेटर्स मिलते हैं। मोंटे कार्लो वैरिएंट में ब्लैक अलॉय व्हील्स, रेड ब्रेक कैलिपर्स और रेड एक्सेंट दिए गए हैं।कंपनी ने दो नए कलर ऑप्शन आर्कटिक सिल्वर और कैपुचिनो बेज भी जोड़े हैं।
इंटीरियर में AI असिस्टेंट और बड़ी स्क्रीन
नई स्लाविया का केबिन मौजूदा मॉडल जैसा ही है, लेकिन इसमें अपडेटेड फीचर्स जोड़े गए हैं। कार में 10.1-इंच फ्लोटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है।इंफोटेनमेंट सिस्टम AI वॉइस असिस्टेंट को सपोर्ट करता है। इसके अलावा वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले, वायरलेस फोन चार्जर, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और सिंगल-पेन सनरूफ जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
नई स्लाविया का सबसे खास फीचर रियर मसाज सीट्स हैं। कंपनी के मुताबिक, इस सेगमेंट में पहली बार पीछे बैठने वाले यात्रियों के लिए मसाज फंक्शन वाली सीट्स दी गई हैं। इसके अलावा कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और क्रूज कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
1.0 और 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन
फेसलिफ्ट स्लाविया में मौजूदा मॉडल वाले दो टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलेंगे।1.0-लीटर TSI इंजन 115PS की पावर और 178Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें अब 6-स्पीड ऑटोमैटिक की जगह नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल का विकल्प भी मिलेगा।वहीं 1.5-लीटर TSI इंजन 150PS की पावर और 250Nm का टॉर्क देता है। इसे 7-स्पीड DSG ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है।
360-डिग्री कैमरा समेत सेफ्टी फीचर्स
सुरक्षा के लिए नई स्लाविया में 360-डिग्री कैमरा और फ्रंट पार्किंग सेंसर जोड़े गए हैं। कार में 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक, हिल होल्ड असिस्ट और इलेक्ट्रॉनिक डिफरेंशियल लॉक जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।कुल मिलाकर, नई स्लाविया फेसलिफ्ट में डिजाइन से ज्यादा फोकस कंफर्ट, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी फीचर्स पर किया गया है। अब इसकी कीमत और वेरिएंट-वाइज फीचर्स का खुलासा कंपनी की ओर से किया जाना बाकी है।



